आरयू वेब टीम। छत्तीसगढ़ के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। वेदांता पावर प्लांट के बॉयलर फटने से नौ मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। मौके पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत बचाव कार्य शुरू किया।
मिली जानकारी के मुताबिक बॉयलर फटने के समय वहां बड़ी संख्या में श्रमिक काम कर रहे थे। धमाके के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ धुएं का गुबार छा गया। इस दर्दनाक हादसे में लगभग 30 से 40 मजदूरों के गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय सूत्रों और घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने आशंका जताई है कि नौ से दस मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं घायलों की स्थिति को देखते हुए मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी का अंदेशा जताया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन, भारी पुलिसबल और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंची गईं। एम्बुलेंस की कतारें प्लांट के भीतर से घायलों को लेकर नजदीकी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज पहुंची। डॉक्टरों के अनुसार, कई मजदूरों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े केंद्रों पर रेफर किया गया।
यह भी पढ़ें- यूपी में बड़ा हादसा, केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटने से जिंदा जलकर नौ मजदूरों की दर्दनाक मौत, 19 घायल
इस संबंध में जिले के एसपी प्रफुल ठाकुर ने बताया, “सक्ती जिले के सिंघी तराई क्षेत्र में स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई। घायलों को रायगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”
