आरयू ब्यूरो, लखनऊ। दिल्ली में रविवार को अचानक मौसम खराब होने से हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण कई विमानों को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके चलते कुछ उड़ानों को वैकल्पिक हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया। अचानक मौसम खराब होने के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने वाले तीन विमानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डायवर्ट किया गया। इन विमानों को बाद में दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार रविवार दोपहर दिल्ली का मौसम बिगड़ने से विमान संचालन में बाधा आई। रांची से दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (आइएक्स 1047) को एटीसी ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी और उसे लखनऊ डायवर्ट कर दिया। यह विमान दोपहर 12:31 बजे लखनऊ पहुंचा। दिल्ली का मौसम सुधरने के बाद, इस उड़ान को दोपहर 1:34 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
यह भी पढ़ें- राजधानी जा रही फ्लाइट में बम की सूचना से हड़कंप, लखनऊ में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
इसी तरह मुंबई से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान (6ई 6052) भी दिल्ली एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी। इसे भी लखनऊ डायवर्ट किया गया और यह दोपहर 12:38 बजे लखनऊ हवाई अड्डे पर उतरी। ये फ्लाइट बाद में दोपहर 1:42 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हुआ। इसके अतिरिक्त, हिसार से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान (एआई 886) को भी एटीसी ने दिल्ली में उतरने की अनुमति नहीं दी।
इसे लखनऊ हवाई अड्डे के लिए डायवर्ट किया गया, जहां यह दोपहर 12:44 बजे उतरी। वहीं दिल्ली में मौसम सामान्य होने पर इस विमान को दोपहर 1:48 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना किया गया। विमानों के डायवर्ट होने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।




















