आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अहमदाबाद से दिल्ली जा रही फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली। जिसके बाद पायलट ने आनन-फानन एटीसी से इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। ये फ्लाइट अहमदाबाद से लखनऊ होते हुए दिल्ली जा रही थी। ऐसे में सुरक्षा को ध्यान में रख कर फ्लाइट को तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल बम स्क्वॉड की टीम ने पूरे विमान और यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच की।
मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6e 2111 जो की अहमदाबाद से लखनऊ होते हुए दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, तभी विमान में टॉयलेट के अंदर नैपकिन पर बम लिखा पाया गया। इसके बाद क्रू मेंबरों ने इसकी सूचना को दी। जैसे ही इसकी भनक यात्रियों को लगी तो हड़कंप मच गया। क्रू मेंबर ने किसी तरह यात्रियों को शांत कराया। जिसके बाद पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट एयर ट्रैफिक कंट्रोल से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के लिए अनुमति मांगी।
यह भी पढ़ें- उड़ान के बाद ट्रेनी एयरक्राफ्ट में आई खराबी, खेत में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
एटीसी ने सुरक्षा अधिकारियों को अलर्ट भेजते हुए फ्लाइट को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति दी। एयरपोर्ट पर पहले से ही अलर्ट जारी कर दिया गया था, जिसके कारण सुरक्षा एजेंसियां, फायर और बम डिस्पोजल की टीम मौके पर पहुंच गई थी। फ्लाइट जैसे ही लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा, बम डिस्पोजल की टीम ने यात्रियों को स्कैनिंग करते हुए बाहर निकाला। उसके बाद सभी यात्रियों का सामान बाहर निकल गया, जिसकी जांच बम डिस्पोजल टीम ने की। कई घंटे जांच पड़ताल ते बाद भी फ्लाइट के अंदर कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
इस संबंध मे डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने बताया कि लखनऊ एयरपोर्ट पर एक विमान में बम होने की सूचना मिलने पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। विमान के प्रोटोकॉल के अनुसार उसकी जांच पड़ताल के बाद प्रोटोकॉल पूरा होने पर विमान को उड़ाने की परमिशन मिली।




















