बोले अखिलेश, दस साल सिर्फ चुनाव प्रचार में व्‍यस्‍त रही भाजपा सरकार, सीएम योगी की पहचान पर भी उठाया सवाल

अखिलेश यादव
कार्यक्रम को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को मोदी-योगी सरकार पर हमला बोला है। सपा मुखिया ने किसानों की स्थिति, बढ़ती महंगाई और भारत की विदेश नीति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनके अनुसार, डबल इंजन सरकार की नीतियां पूरी तरह से विफल रही हैं, जिससे आम जनता को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हकीकत ये है कि पिछले दस सालों में भाजपा सरकार सिर्फ चुनाव प्रचार में ही व्यस्त रही, जिसका खामियाजा देश की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने ‘पीडीए ’ परिवार को एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से हटाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बार सब मिलकर तैयारी करेंगे ताकि हर कार्यकर्ता अपने गांव में सही तरीके से वोटर लिस्ट पर ध्यान दे सके। ये समय लोकतंत्र की रक्षा का है और हर व्यक्ति को अपनी आवाज उठानी चाहिए।

इस दौरान सीएम योगी पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने उनकी पहचान पर सवाल उठाते हुए कहा कि ‘मैंने कई बार सुना है कि सीएम कहते हैं कि 2017 से पहले यूपी की कोई पहचान नहीं थी, लेकिन सच्चाई ये है कि उनके खुद की पहचान 2017 के बाद बनी।’ इस तरह के वक्तव्यों से यह स्पष्ट होता है कि सरकार अपने कार्यों के लिए किसी और को दोषी ठहराने में लगी है।

साथ ही आज अखिलेश ने अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे संघर्ष पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि भारत युद्ध रोकने में सफल रहता, तो हमारी वैश्विक छवि और मजबूत होती। भारत के प्रधानमंत्री को संघर्ष रोकने का प्रयास करना चाहिए था। इससे न केवल हमारी अर्थव्यवस्था बचेगी, बल्कि कई जानें भी सुरक्षित रह सकती थीं। सपा मुखिया ने स्पष्ट किया कि ये पहली सरकार है जिसने किसानों के लिए मंडी की व्यवस्था नहीं की। अगर किसानों को सही अधिकार मिलते, तो हमारे देश की अर्थव्यवस्था ठीक दिशा में आगे बढ़ती। यह समय है कि हम किसानों की आवाज को समझें और उनके अधिकारों की रक्षा करें।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार से निराश जनता आत्‍मदाह करने को मजबूर, सत्‍ता के अहंकार में बीजेपी नेता हुए संवेदनहीन: अखिलेश

हमला जारी रखते हुए सपा मुखिया ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर फर्जी एनकाउंटर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि सपा सरकार बनने पर गरीबों की स्वास्थ्य सेवाएं मुफ्त होंगी और एंबुलेंस सेवा सुचारु रूप से चलेगी। भाजपा ने अपने सत्ता में आने के बाद लोगों की आरक्षण और अधिकारों पर प्रश्नचिन्ह लगाया है, जिसे हमें समझना और बदलना होगा।

यह भी पढ़ें- तारों पर कपड़े सुखाने वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार, जनता BJP को धो-पटककर देगी सुखा