उड़ान के बाद ट्रेनी एयरक्राफ्ट में आई खराबी, खेत में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

इमरजेंसी लैंडिंग
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद एयरक्राफ्ट के पास इकट्ठा भीड़।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रविवार को एक बड़ा हवाई हादसा होने से टल गया। धनीपुर स्थित अलीगढ़ एयरपोर्ट से नियमित उड़ान पर निकले एक टू- सीटर ट्रेनी एयरक्राफ्ट के इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। आसमान में इंजन फेल होने के बाद विमान में सवार ट्रेनी पायलट और इंस्ट्रक्टर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए खेत में विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। गनीमत ये रही कि इस घटना में विमान में सवार दोनों लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पायनियर फ्लाइंग क्लब का यह विमान रोजाना की तरह रविवार सुबह धनीपुर एयरपोर्ट की हवाई पट्टी से नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर निकला था। विमान में एक ट्रेनी पायलट और उनके साथ एक सीनियर इंस्ट्रक्टर मौजूद थे। टेक-ऑफ करने के करीब आधे घंटे बाद, जब विमान आसमान में कुछ सौ फीट की ऊंचाई पर था, तभी अचानक एयरक्राफ्ट के तकनीकी सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई। जिसके बाद पायलटों ने तुरंत धनीपुर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क साधा और आपात स्थिति की जानकारी दी। हालांकि एयरपोर्ट के रनवे तक वापस लौटने के लिए समय बेहद कम था, इसलिए दोनों पायलटों ने नीचे दिख रहे एक समतल और खाली खेत को लैंडिंग के लिए चुना।

यह भी पढ़ें- पटना जा रही इंडिगो फ्लाइट की लखनऊ में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, कई उड़ानें कैंसिल

अचानक आसमान से एक विमान को लहराते हुए सीधे खाली खेत में उतरता देख आस-पास के गांवों में कौतुहल की स्थिति बन गई और लोग खेतों की ओर दौड़ पड़े। घटना की जानकारी मिलने पर अलीगढ़ जिला प्रशासन, एयरपोर्ट अथॉरिटी और पुलिस महकमे में खलबली मच गई। आनन -फानन में सिटी मजिस्ट्रेट, एयरपोर्ट डायरेक्टर समेत स्थानीय थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और भीड़ को सुरक्षित दूरी पर रोक कर आगे की तकनीकी जांच शुरू की।

यह भी पढ़ें- बरेली के खेत में हुई वायु सेना के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, देखने के लिए उमड़ी ग्रामीणों की भीड़