आरयू वेब टीम। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के बीच एक बड़ा हादसा होने से टल गया। बद्रीनाथ धाम से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रहे हेलीकॉप्टर की अचानक हवा में स्थिति बिगड़ गई, जिसके बाद यात्रियों की जान पर बन आई। बताया जा रहा है कि घाटी में तेज हवाओं और दबाव के कारण हेलीकॉप्टर नियंत्रण से बाहर होने लगा। हालांकि महिला पायलट की सूझबूझ से सभी यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के मुताबिक हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ से देहरादून लौट रहा था। इसी दौरान सुरकण्डा मंदिर के नीचे सत्यो सकलाना क्षेत्र में मौसम और तेज हवाओं की वजह से हालात बिगड़ गए। खतरे को भांपते हुए पायलट ने हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला लिया। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर हाईटेंशन लाइन के संपर्क में भी आ गया था, जिससे उसके पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा है। हेलीकॉप्टर में सवार छह श्रद्धालु सुरक्षित बताए जा रहे हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह भी पढ़ें- केदारनाथ में हेलीकॉप्टर क्रैश, इमरजेंसी लैंडिंग करते समय पीछे का हिस्सा टूटा
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दरअसल बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे, जिसके बाद से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। चारधाम यात्रा के बीच हुई इस घटना ने हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।




















