भूकंप के झटके से डोली जापान की जमीन, मची भगदड़

भूकंप
फाइल फोटो।

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। दक्षिणी जापान के कागोशिमा क्षेत्र में बुधवार को आए शक्तिशाली भूकंप ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 5.9 तीव्रता मापी गई। इस भूकंप के झटके से इमारतें हिल गईं और लोगों में भगदड़ मच गई। भूकंप के झटके इस क्षेत्र के कई हिस्सों में महसूस किए गए। हालांकि अधिकारी अभी भी हालात का आकलन कर रहे हैं।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि 5.9 तीव्रता का भूकंप ओकिनावा मेन आइलैंड के पास आया। फिलहाल सुनामी का कोई खतरा नहीं है। उधर बुधवार को पूर्वी चीन सागर में 6.0 तीव्रता का तेज भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनएससी) ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि भूकंप का केंद्र 27.523 डिग्री उत्तर अक्षांश और 128.418 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था।

भूकंप के केंद्र की गहराई 33 किलोमीटर दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र जापान के नागासाकी शहर से लगभग 597 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम (एसएसडब्ल्यू) दिशा में पूर्वी चीन सागर में था। भूकंप भारतीय समयानुसार आज सुबह आठ बजकर 16 मिनट पर आया। फिलहाल किसी जान-माल की हानि या सुनामी की कोई खबर नहीं है, लेकिन इस क्षेत्र में कई द्वीप और तटीय इलाके होने के कारण स्थानीय प्रशासन सतर्क है।

यह भी पढ़ें- जापान में फिर भूकंप से कांपी धरती, 6.2 रही तीव्रता

इससे कुछ देर पहले भारतीय समयानुसार सुबह 7.33 पर हिंद महासागर में भी 4.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र 1.437 डिग्री उत्तर अक्षांश और 95.503 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। भूकंप की गहराई मात्र दस किलोमीटर थी। ये स्थान भारत के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कैंपबेल खाड़ी से लगभग 644 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण -पूर्व (एसएसई) दिशा में था।

यह भी पढ़ें- भूकंप के झटके से हिला मणिपुर, दहशत में घरों से बाहर भागे लोग