आरयू वेब टीम। भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में मंगलवार की सुबह धरती कांपने से हड़कंप मच गया। इस जोरदार भूकंप ने लोगों को दहशत में डाल दिया। झटके इतने तेज थे कि नींद में सो रहे लोग जाग गए और अपनी जान बचाने के लिए घरों से निकलकर सड़कों की ओर भागने लगे। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनसीएस) ने इस भूकंप की पुष्टि की है।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.2 मापी गई। यह भूकंप सुबह 5:59:33 बजे आया, जिसका केंद्र मणिपुर के कामजोंग क्षेत्र में स्थित था। भूकंप की गहराई जमीन से करीब 62 किलोमीटर नीचे बताई गई है, जो इसे मध्यम गहराई की श्रेणी में रखता है।
भूकंप के समय अधिकांश लोग सो रहे थे, लेकिन जैसे ही धरती कांपी, लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए। इस भूकंप के झटके सिर्फ मणिपुर तक सीमित नहीं रहे, बल्कि नागालैंड, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश तक महसूस किए गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है.
यह पहली बार नहीं है जब इस महीने पूर्वोत्तर में भूकंप आया है। इससे पहले सात अप्रैल को मणिपुर में दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिनकी तीव्रता क्रमशः 4.3 और 3.0 मापी गई थी। इन झटकों का असर अरुणाचल प्रदेश तक देखा गया था।
यह भी पढ़ें- तेज भूकंप से कांपा जापान, सुनामी की चेतावनी जारी
गौरतलब है कि वैश्विक स्तर पर भी भूकंपीय गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। सोमवार को जापान के उत्तर-पूर्वी तट पर 7.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद सुनामी का अलर्ट जारी किया गया। अधिकारियों ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। करीब तीन मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है।
यह भी पढ़ें- इंडोनेशिया में 7.4 की तीव्रता के भूकंप से तबाही, एक की मौत, कई घायल




















