आरयू ब्यूरो, लखनऊ। 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाले का आरोप लगाकर एक बार फिर दिव्यांग-पिछड़े समेत अन्य अभ्यर्थियों का गुस्सा फूटा है। सोमवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों से राजधानी लखनऊ पहुंचे अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर प्रदर्शन किया। जहां अभ्यर्थी सड़क पर लेट गए। उन्होंने सिर पर ‘आरक्षण घोटाला’ लिखी टोपी पहनकर सीटी बजाई और नारे लगाए। करीब 45 मिनट चले प्रदर्शन में पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की हुई।
सोमवार को प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने सरकार और शिक्षा मंत्री से अपने मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने “है हक हमारा आरक्षण, हम लेकर रहेंगे आरक्षण” जैसे नारे लगाए। दरअसल प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, साल 2018 में 68,500 सहायक शिक्षकों की भर्ती निकाली गई थी। इसमें दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को पांच प्रतिशत की छूट का प्रावधान था। आरोप है कि इन चारों श्रेणियों के अभ्यर्थियों को इसका लाभ नहीं मिला और सामान्य अभ्यर्थियों के साथ ही परिणाम जारी कर दिया गया।
वहीं अभ्यर्थियों का कहना था कि उनका आंदोलन किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण संबंधी विसंगति को दूर कराने और प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने के लिए है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आयोग के आदेश के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाए। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन को लेकर उनका रुख जारी रहेगा।
शिक्षा मंत्री के बीच वार्ता प्रस्तावित
वहीं शिक्षा मंत्री के आवास पर मौजूद पुलिस ने अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया और उन्हें जबरन गाड़ी में भरकर ईको गार्डन भेज दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह ने मीडिया को बताया कि प्रशासन की ओर से शिक्षा मंत्री से वार्ता को लेकर बातचीत की गई है। उनके अनुसार, मंगलवार को दोपहर 12 बजे के बाद अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल और शिक्षा मंत्री के बीच वार्ता प्रस्तावित है। उनका कहना है कि वार्ता में अभ्यर्थी अपनी मांगों और आरक्षण विसंगति से जुड़े मुद्दों को विस्तार से रखेंगे। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल आंदोलन की आगे की दिशा को लेकर निर्णय करेगा।
ईको गार्डन में जारी है प्रदर्शन
अभ्यर्थियों के अनुसार, आरक्षण विसंगति के मुद्दे को लेकर उनका अनवरत धरना एक सितंबर से ईको गार्डन में जारी है। उनका कहना है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से अभ्यर्थी लगातार धरना स्थल पर पहुंच रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। सोमवार को भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने राजधानी पहुंचकर प्रदर्शन में भाग लिया। आंदोलनकारियों का कहना है कि इतने लंबे समय से धरना चलने के बावजूद उनका मुद्दा पूरी तरह हल नहीं हुआ है। इसी वजह से उन्होंने अब सरकार के जिम्मेदार लोगों तक अपनी बात सीधे पहुंचाने के लिए शिक्षा मंत्री के आवास पर प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें- आरक्षण घोटाले के खिलाफ 68500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने घेरा संदीप सिंह का आवास, पुलिस ने जबरन हटाया
प्रदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए भारी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया। आंदोलन में आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, अखिल कुमार, रंजना जायसवाल, दीपक पटेल, इशिता पाल, अजय मावी, उमेश गुप्ता, तारिक, राम प्रवेश, विनोद प्रजापति, शिव शंकर गौड़, अमित पटेल, सच्चिदानंद, संतोष, सुनील, कुशल, जोगेंद्र और अरुण मौर्या समेत अन्य अभ्यर्थी मौजूद रहे।




















