68,500 सहायक शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने राजभर आवास का घेराव कर किया प्रदर्शन

सहायक शिक्षक भर्ती
प्रदर्शन करते अभ्यर्थी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने नियुक्ति की मांग को लेकर मंगलवार को लखनऊ में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के आवास का घेराव किया। बड़ी संख्या में मंत्री आवास पहुंचे अभ्यर्थियों ने जमकर नारेबाजी की। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने का प्रयास किया। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन हटाकर ईको गार्डन भेज दिया गया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बदसलूकी और कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान ‘ऐसी क्या मजबूरी है-आरक्षण की चोरी है’ और ‘पिछड़ा आयोग ने माना है-आरक्षण घोटाला है’ जैसे नारे लगाए गए।

अभ्यर्थियों के मुताबिक, वर्ष 2018 में उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में चार श्रेणियों के अभ्यर्थियों को पांच प्रतिशत की छूट का लाभ नहीं दिया गया। अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि 150 अंकों की परीक्षा में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत को आधार मानते हुए परिणाम को संशोधित किया जाए। उनका कहना है कि पांच प्रतिशत की छूट का लाभ देते हुए नई चयन सूची जारी की जानी चाहिए।

अभ्यर्थियों ने कहा कि लंबे समय से नियुक्ति की मांग को लेकर वे अपनी बात सरकार के सामने रख रहे हैं। उनका कहना है कि यदि पांच प्रतिशत छूट का लाभ देकर संशोधित परिणाम जारी किया जाता है तो पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर मिल सकता है। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने सरकार से भर्ती से संबंधित उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।

यह भी पढ़ें- केशव मौर्या के आवास का घेराव कर 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने लगाया आरक्षण चोरी का नारा

वहीं बताया ये भी जा रहा है कि प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अभ्यर्थियों को बातचीत के लिए बुलाया। बातचीत के दौरान राजभर ने उनकी मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रखने और मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया। मंत्री ने अभ्यर्थियों से कहा कि वे अपने सभी संबंधित कागजात लेकर आएं। इसके बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय लेने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री के आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों और भर्ती से जुड़े दस्तावेजों को लेकर आगे की बातचीत की बात कही।

यह भी पढ़ें- आरक्षण घोटाले के खिलाफ 68500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने घेरा संदीप सिंह का आवास, पुलिस ने जबरन हटाया