भाजपा को झटका दे रामशरण नौटियाल ने ली कांग्रेस की सदस्यता, कहा देश में चल रही तानाशाही वाली सरकार

रामशरण नौटियाल
कांग्रेस में शामिल हुए रामशरण नौटियाल।

आरयू वेब टीम। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रामशरण नौटियाल सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में नौटियाल ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद रामशरण नौटियाल ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश में तानाशाही वाली सरकार चल रही है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है।

साथ ही एसआइआर प्रक्रिया में अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए रामशरण ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी सवाल खड़े किए।
रामशरण ने कहा कि राहुल गांधी लगातार वोट चोरी के मुद्दे को उठा रहे हैं। उनके मुताबिक, दिल्ली में इंडिया गठबंधन के नेताओं को चुनाव आयोग के कार्यालय जाने से रोका गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति से मिलने की कोशिश की, लेकिन केवल कुछ लोगों को ही मुलाकात की अनुमति मिली, जबकि अन्य सांसदों को विजय चौक पर रोक दिया गया।

रामशरण नौटियाल के साथ कई अन्य नेताओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। उत्तराखंड में आगामी चुनावों से पहले उनके पार्टी बदलने को भाजपा के लिए राजनीतिक झटके के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस में उनकी वापसी से राज्य की सियासत में नई हलचल पैदा होने की संभावना है।

वहीं नौटियाल का कांग्रेस में स्वागत करते हुए सैलजा ने कहा कि पार्टी के पुराने साथी की घर वापसी हुई है।
”हमारे पुराने साथी रामशरण नौटियाल को भाजपा में घुटन महसूस हुई। वहां के माहौल और काम से उनका मन खिन्न हो गया। रामशरण नौटियाल जी फिर से कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं। मैं उनका स्वागत करती हूं।”

इस दौरान गोदियाल ने भी नौटियाल का पार्टी में स्वागत किया और उम्मीद जताई कि उनके आने से उत्तराखंड में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा, ”आज रामशरण नौटियाल जी ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है। इस मौके पर मैं कांग्रेस पार्टी में उनका स्वागत करता हूं। हमें उम्मीद है कि नौटियाल जी की मौजूदगी से कांग्रेस पार्टी को ताकत मिलेगी।”

यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव से पहले ओवैसी को बड़ा झटका, कांग्रेस में शामिल हुए आसिम वकार, कहा ज्यादातर आबादी राहुल गांधी के साथ

गौरतलब है कि रामशरण नौटियाल बॉलीवुड के मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता हैं। नौटियाल पहले भी कांग्रेस में रह चुके हैं। वह करीब 12 साल पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। नौटियाल 2022 में उत्तराखंड के चकराता विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वह देहरादून के जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

यह भी पढ़ें- CJP नेताओं के समर्थन में उतरे राहुल गांधी, तिरंगा फहराना नहीं अपराध, युवाओं को जेल भेजना कायरता