आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को बड़ा झटका लगा है। एआइएमआइएम के चर्चित नेता आसिम वकार ने बुधवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस में शामिल होने के बाद वकार ने ओवैसी को सलाह देते हुए कहा कि भाजपा को हराने की कोशिश करनी चाहिए और जो भाजपा को हरा रहा है, उसके खिलाफ नहीं लड़ना चाहिए। साथ ही कहा कि देश की ज्यादातर आबादी राहुल गांधी के साथ खड़ी है।
देश से मोहब्बत करने वाले लोग भाजपा की देशविरोधी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना चाहते हैं, ताकि देश में एक सेक्युलर और जनहित की सरकार बनाई जा सके। एआइएमआइएम में रहने के बाद मुझे लगा कि हम बात तो भाजपा और उसकी विचारधारा से लड़ने की करते हैं, लेकिन जमीन पर उनसे लड़ रहे हैं जो भाजपा के खिलाफ लड़ रहे हैं। देश ये चाहता है कि भाजपा की सरकार हटाई जाए, इसलिए मैंने फैसला लिया कि अगर हम सच्चे देशभक्त हैं और ईमानदारी से भाजपा को सत्ता से हटाना चाहते हैं, तो कांग्रेस के साथ आना होगा जो मजबूती के साथ भाजपा से लड़ रही है।
भाजपा के जो दुश्मन हैं वो देश के दोस्त
आसिम वकार ने आगे कहा कि अगर हम सच्चे देशभक्त हैं और सच्चाई और ईमानदारी से भाजपा को हटाना चाहते हैं तो हमारा मकसद सिर्फ भाजपा से लड़ना होना चाहिए। भाजपा के दुश्मनों से हम लड़ रहे हैं, तो हम भाजपा के साथ हैं। मुझे लगा कि भाजपा के जो दुश्मन हैं वो देश के साथ है देश के दोस्त हैं, तो वो हमारे भी दोस्त हैं। असलीयत में अगर पूरे देश में भाजपा से कोई लड़ रहा है, तो वह कांग्रेस पार्टी है, राहुल गांधी हैं, राहुल गांधी की टीम है और उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जी हैं।
मुसलमानों का भरोसा उन लोगों पर…
आगे कहा कि मुसलमानों का भरोसा उन लोगों पर है, जो भाजपा को टक्कर देकर उसे हराने की ताकत रखते हैं। मुझे लगता है कि पूरे भारत में यदि कोई भाजपा को सबसे अधिक हराना चाहता है, तो वह मुसलमान है। इस बात को आप भी मानिए। मैं भी मुसलमान हूं, मेरे अंदर भी यही फितरत है कि मैं भाजपा को हराना चाहता हूं। जो मजबूत दिख रहा है, उसके साथ हूं।
देश के भावी प्रधानमंत्री राहुल गांधी
इस दौरान राहुल गांधी को भावी प्रधानमंत्री बताते हुए आसिम वकार ने कहा कि मुझे ज्ञान बहुत अरसे से है। मैं पिछले पांच साल से यह बात कह रहा हूं कि देश के भावी प्रधानमंत्री राहुल गांधी हैं। मैं राहुल गांधी को तब भी देश का भावी प्रधानमंत्री मानता था, जब मैं पिछली पार्टी में था। मैं चाहता हूं कि देश को अच्छा प्रधानमंत्री मिले और वह राहुल गांधी हैं।
मोहब्बत की दुकान’ लगातार बढ़ती जा रही: अजय राय
इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी में सय्यद आसिम वकार जैसे मजबूत व्यक्ति की ज्वाइनिंग हुई है। इन्होंने हमेशा अपनी वाकपटुता के साथ समाज को एक सकारात्मक संदेश देने का काम किया है। इनकी सोच और इनके विचार हमारे नेता राहुल गांधी जी के उस सपने से जुड़े हैं, जो उन्होंने इस देश के लिए देखा है। आज ‘मोहब्बत की दुकान’ लगातार बढ़ती जा रही है और साल 2027 में उत्तर प्रदेश के हर गांव, हर गली में कांग्रेस का झंडा फहराएगा।












