विधानसभा चुनाव से पहले अजय राय की छुट्टी, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष बनीं आराधना मिश्रा, इमरान मसूद को भी मिली जिम्‍मेदारी

अराधना मिश्रा
अराधना मिश्रा।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने यूपी में बड़ा बदलाव कर सबको चौंका दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की छुट्टी कर प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा “मोना” को यूपी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। जबकि इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी आदेश में पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस की ओर से एक बड़ी टीम का ऐलान किया गया है। अब इस नई टीम के कंधों पर चुनावी नैया को पार लगाने की जिम्मेदारी होगी। वहीं कांग्रेस ने अजय राय के योगदान की सराहना की। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष ने चौधरी वीरेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी।

यह भी पढ़ें- भारी बारिश के बीच CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़क पर उतरी कांग्रेस, लखनऊ समेत देशभर में प्रदर्शन

बात करें कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा की तो वह तीन बार ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं। उसके बाद उन्होंने अपने पिता प्रमोद तिवारी की विरासत संभाली और तीन बार से लगातार विधायक बन रही हैं।जिस सीट से उनके पिता प्रमोद तिवारी नौ बार लगातार विधायक बने थे उसी सीट पर उनकी बेटी अब लगातार विधायक बन रही हैं। प्रमोद तिवारी वर्तमान में राजस्थान से कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद हैं और राज्यसभा में उप नेता भी हैं।

यह भी पढ़ें- विकासनगर झुग्गी अग्निकांड के पीड़ितों से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, अराधना मिश्रा ने संवेदना व्यक्त कर योगी सरकार से की मांग