योगी सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को हुआ स्वाइन फ्लू, आइसोलेशन में गए रखे

स्वाइन फ्लू
जयवीर सिंह। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सूअरों से फैलने वाली बीमारी सूबे की राजधानी लखनऊ में तेजी से बढ़ रही है। इसकी चपेट में आने से योगी सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को भी स्वाइन फ्लू हो गया है। मंत्री को पिछले चार-पांच दिन से बुखार था। जांच में उनकी रिपोर्ट एच1एन1 पॉजिटिव आई है। उन्हें लखनऊ स्थिति उनके सरकारी आवास में आइसोलेशन में रखा गया है। बुधवार को केजीएमयू के डॉक्टरों की टीम उनके घर पहुंची। टीम ने जांच की और फिलहाल घर पर ही इलाज करने की हिदायत दी। जबकि परिवार के अन्य सदस्यों और स्टॉफ के सदस्यों की भी जांच के लिए सैंपल लिए गए।

इस संबंध में केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. के.के. सिंह ने मीडिया को बताया कि मंत्री जयवीर सिंह की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें घर में आइसोलेट किया गया है। फिलहाल उनकी कंडीशन स्टेबल है और डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी भी कर रही है। मौजूदा समय उन्हें हल्के लक्षण है, इसलिए कोई चिंता की बात नहीं। परिवार के सदस्यों और पर्सनल स्टॉफ की कांटेक्ट ट्रेसिंग भी कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में मिले H1N1 वायरस के चार नये सं‍क्रमित, इस तरह करें अपना व अपनों का बचाव

गौरतलब है कि लखनऊ समेत लगभग पूरे यूपी में स्वाइन फ्लू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। आज भी लखनऊ में छह नए संक्रमित मिले हैं। पिछले चार दिनों में पूरे यूपी से कुल 134 नए मरीज सामने आए हैं। मंगलवार को फिरोजाबाद और बदायूं में एक-एक मरीज की मौत की खबर है। हालांकि इन दोनों मौतों की वजह सिर्फ स्वाइन फ्लू थी या मरीजों को पहले से कोई दूसरी गंभीर बीमारी थी, ये स्पष्ट नहीं है। फिरोजाबाद में 69 वर्षीय व्यापारी की स्वाइन फ्लू से मौत हुई, जबकि बदायूं के बिल्सी क्षेत्र में 73 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया। दोनों जगह नए केस भी सामने आए हैं।

संक्रमितों की संख्या हुई 685

उत्तर प्रदेश में 27 अगस्त तक स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या 551 थी। एक सितंबर तक यह संख्या बढ़कर 685 हो गई। एक्सपर्ट्स के मुताबिक ज्यादातर मरीज सामान्य उपचार से ठीक हो रहे हैं और उन्हें आइसीयू में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ रही है।

यह भी पढ़ें- यूपी में स्वाइन फ्लू को लेकर उप मुख्‍यमंत्री का अफसरों को निर्देश, अस्पतालों में व्यवस्था करें मजबूत