आरयू ब्यूरो, लखनऊ। स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) तथा महानिदेशक स्वास्थ्य को लेटर जारी कर निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
डिप्टी सीएम ने अफसरों को निर्देश दिए है कि प्रदेश के सभी जिलों में स्वाइन फ्लू से संबंधित मामलों पर पैनी नजर रखी जाए। अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध और संक्रमित मरीजों की नियमित निगरानी के साथ जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
साथ ही स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों, जांच व उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जाए। इसके अलावा ब्रजेश पाठक ने विशेष रूप से गंभीर मरीजों की समय रहते पहचान और तत्काल चिकित्सकीय उपचार पर जोर देते हुए कहा कि मरीजों की स्थिति बिगड़ने से पहले उनकी पहचान कर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि गंभीर परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
यह भी पढ़ें- भर्ती में देरी से नाराज UPSSSC JE अभ्यर्थियों ने उप मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर किया प्रदर्शन, मिला ब्रजेश पाठक से आश्वासन
इस दौरान ब्रजेश पाठक ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार पूरी तरह तैयार है और स्वास्थ्य विभाग स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहा है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने को कहा, लेकिन अफवाहों या अनावश्यक भय से बचने की भी सलाह दी। साथ ही प्रदेशवासियों से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।



















