दिल्ली से 164 यात्रियों को पटना ला रही फ्लाइट से टकराया पक्षी, मचा हड़कंप

एयर इंडिया

आरयू वेब टीम। पटना एयरपोर्ट पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से 164 यात्रियों को लेकर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 से लैंडिंग के दौरान एक पक्षी टकरा गया। समय रहते पायलट ने तत्परता दिखाते हुए फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई।

इस संबंध में एक अधिकारी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि सोमवार सुबह पटना एयरपोर्ट पर उतरते समय एक पक्षी एयर इंडिया की फ्लाइट से टकरा गया। ये फ्लाइट दिल्ली से आ रही थी और पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले यह घटना सामने आई। फिलहाल अधिकारियों ने रनवे की जांच कर ली है।

साथ ही बताया कि दिल्ली से पटना आ रही इस फ्लाइट में 164 यात्री सवार थे। तकनीकी जांच और जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद विमान को दिल्ली लौटने की अनुमति दे दी गई। हालांकि घटना का असर वापसी की उड़ान पर पड़ा। AI 1852 में सवार 160 यात्रियों को तय समय सुबह 8:45 बजे उड़ान भरने के बजाय 10:09 बजे रवाना होना पड़ा। यानी फ्लाइट करीब 79 मिनट देरी से उड़ सकी।

यह भी पढ़ें- 194 यात्रियों को मुंबई ला रही इंडिगो की फ्लाइट से अचानक निकला धुआं, रास्‍ते में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

इसके अलावा ये भी बताया कि पक्षियों का टकराना कोई असामान्य बात नहीं है, खासकर बारिश के मौसम में जब पक्षियों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में एयरपोर्ट के आस-पास पक्षियों और जानवरों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक कमेटी हर महीने जांच करती है। “जांच के आधार पर हम रिपोर्ट तैयार करते हैं जिसमें उन जगहों के बारे में बताया जाता है जहां सफाई की जरूरत है।”

यह भी पढ़ें- उड़ान के बाद ट्रेनी एयरक्राफ्ट में आई खराबी, खेत में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग