जोरदार बारिश के बाद एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

एयर इंडिया

आरयू वेब टीम। दिल्ली समेत एनसीआर के कई इलाकों में मंगलवार को दोपहर को जोरदार बारिश ने गर्मी से बड़ी राहत दी है। इसी बीच, टाटा ग्रुप की एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया ने अपने यात्रियों के लिए एक जरूरी एडवाइजरी जारी कर दी है। एयर इंडिया ने कहा है कि दिल्ली का मौसम खराब हो गया है, जिसकी वजह से यहां आने और जाने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ सकता है।

एयर इंडिया ने अपनी पोस्ट में कहा कि ”खराब मौसम की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ सकता है। यात्रा में कोई परेशानी न हो, इसके लिए हम यात्रियों को सलाह देते हैं कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट्स का लेटेस्ट स्टेटस चेक कर लें। दरअसल मंगलवार को दोपहर के समय दिल्ली समेत आस-पास के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। इस बारिश ने दिल्ली और एनसीआर में रहने वाले लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है। बताते चलें कि मौसम विज्ञान विभाग ने अगले पांच दिनों में दिल्ली-एनसीआर में और बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान जताया है।

आइएमडी ने अपने अनुमान में कहा कि अगले कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक इस दौरान दिल्ली का तापमान 32 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। मौसम विभाग की ओर से दिल्ली-एनसीआर के लिए जारी जिले-वार मौसम के अनुमान के अनुसार सात जुलाई को सभी 15 जिलों में मौसम एक जैसा रहेगा।

यह भी पढ़ें- भारी बारिश व भूस्खलन से यातायात बाधित, पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे व पुराना हाईवे अगले आदेश तक बंद

इन जिलों में नॉर्थ दिल्ली, साउथ दिल्ली, नई दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, वेस्ट दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, साउथ वेस्ट दिल्ली, साउथ ईस्ट दिल्ली, शाहदरा और एनसीआर के जिले फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद शामिल हैं। साथ ही आइएमडी ने सात, आठ और नौ जुलाई के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। सात जुलाई को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें- यूपी में मौसम ने ली करवट, लखनऊ समेत इन जिलों के लिए जारी हुआ बारिश-वज्रपात का अलर्ट