आरयू वेब टीम। राजस्थान के हीरापुरा स्थित 200 फीट रोड पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार गुब्बारे बेचकर अपना गुजारा करने वाला एक परिवार सड़क किनारे रहता है। जहां आज एक बेकाबू ट्रॉले ने सड़क किनारे खड़े एक ही परिवार के पांच सदस्यों को रौंद डाला। इस दर्दनाक हादसे में परिवार के में तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय तक वहां तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक बच्चों की पहचान रमेश, रतन और दीपक के तौर पर हुई है। जबकि इलाज के दौरान बच्चों के पिता चंद्र प्रकाश की भी मौत हो गई। मृतक चंद्र प्रकाश की पत्नी और तीनों बच्चों की मां कैलाशी गंभीर घायल है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश में जुटी गई।
वहीं पुलिस के अनुसार परिवार मूल रूप से जेतपुरा का रहने वाला है और वर्तमान में गांधी पथ क्षेत्र में रह रहा था। परिवार मजदूरी के साथ चौराहों पर खिलौने, गुब्बारे, झाडू और अन्य छोटे-मोटे सामान बेचकर अपना जीवनयापन करता था। मंगलवार सुबह भी परिवार रोजी, रोटी की तलाश में अजमेर रोड पर पैदल जा रहा था, तभी दिल्ली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रोले ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। कैलाशी के कुल पांच बच्चे हैं, जिनमें से तीन की इस हादसे में मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घर पर होने के कारण सुरक्षित बच गए।




















