दर्दनाक: यूपी में ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली नदी के पुल से गिरी, महिला व मासूमों समेत 11 की मौत, दर्जनों की हालत गंभीर

दर्दनाक हादसा
घटनास्‍थल पर जमा भीड़।

आरयू संवाददाता, शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया है। ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली गर्रा नदी के पुल से नीचे गिर गई। ट्रॉली में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 40 लोग सवार थे। इस हादसे में महिला व मासूमों समेत 11 लोगों को मौत हो गई है, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए हैं। हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर राहगीर लोगों की मदद के लिए पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। घटनास्‍थल पर पहुंची पुलिस ने  घायलों को अस्पताल में भिजवाया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक ददरौल के सुनौरा गांव में आकाश तिवारी के यहां कथा का आयोजन हो रहा था। गांव के कई लोग शनिवार की सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर तिलहर क्षेत्र में निगोही मार्ग पर बिरसिंहपुर गांव के पास गर्रा नदी से जल लेने आए थे। जल भरने से पहले चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली गर्रा नदी के पुल पर मोड़ रहा था। बैक करते वक्त ट्रॉली पुल से नीचे उतर गई। इसी दौरान ट्रॉली ट्रैक्टर समेत पुल से नीचे जा गिरी। घटना के वक्त ट्रॉली में महिलाएं, बच्चे समेत 40 लोग सवार थे।

यह भी पढ़ें- रायगढ़ में भीषण हादसा, यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 13 की मौत, 25 की हालत गंभीर

हादसा होते ही चीख-पुकार सुन आस-पास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ट्रॉली को सीधा किया। ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है। दर्जनों की हालत चिंताजनक हैं। इन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

हादसे में जाने गंवाने वालों की पहचान पुष्पा देवी (50) पत्नी प्रेम सिंह, साजन तिवारी (16) पुत्र सर्वेश, कल्लू (15) पुत्र रामेंद्र सिंह, गोलू (10) पुत्र अशोक, अंशिका (10) पुत्री जितेंद्र सिंह, काजल देवी (15) पुत्री सर्वेश सिंह, रालू (10) पुत्री विपिन सिंह, रूपवती (60) पत्नी आशाराम, शिवानी (20) पुत्री मुरारी, अभिनव (18) पुत्र मुरारी, लक्ष्य (सात) पुत्र प्रेम मोहन का नाम शामिल है।

इस संबंध में शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक एस. आनंद ने मीडिया को बताया कि हादसे में 11 लोगों की मृत्यु हो गई है। 20 लोगों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। आठ लोगों का सीएचसी तिलहर में उपचार चल रहा है, जिनमें से पांच को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि घायलों का इलाज त्वरित हो।

सीएम ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहजहांपुर में गर्रा नदी में हुए हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समूचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

यह भी पढ़ें- रामनवमी पर इंदौर में बड़ा हादसा, झूलेलाल मंदिर में फर्श धंसने से बावड़ी में गिरे 14 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल