आरयू वेब टीम। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले से सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया है। यात्रियों से खचाखच भरी प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर 70 से 80 फीट गहरी खाई में पलट गई। इस हादसे में 22 यत्रियों की मौत हो गई है, जबकि करीब 40 यात्री घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत बचाव कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को यात्रियों से भरी बस रामनगर स्थित कानोटे गांव के पास अचानक बस के गिरने की आवाज आई। बस के खाई में गिरते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गहरी खाई होने के कारण बस के परखच्चे उड़ गए और भीतर बैठे यात्री बुरी तरह फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी भयानक थी कि बस के गिरते ही चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय निवासियों ने तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दी और खुद भी राहत कार्य में जुट गए। पुलिस और बचाव दल के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने कई घायलों को मलबे से बाहर निकालने की कोशिश की।
हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। प्रशासन ने फैसला लिया है कि जिन घायलों को गहरी चोटें आई हैं और जिन्हें बेहतर इलाज की जरूरत है, उन्हें एयरलिफ्ट करके बड़े अस्पतालों में भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें- देहरादून-मसूरी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, छह लोगों की दर्दनाक मौत
मौके पर जिला प्रशासन की देखरेख में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। खाई काफी गहरी होने के कारण बचाव दल को नीचे उतरने और शवों व घायलों को ऊपर लाने में काफी मशक्कत करनी पड़ है। केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि वह स्थानीय कार्यकर्ता टीम और राजिंदर शर्मा के नेतृत्व वाली टीम के साथ भी संपर्क में हैं ताकि जमीनी स्तर पर राहत कार्य में तेजी लाई जा सके।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, लोगों का कहना था कि बस में न सिर्फ क्षमता से अधिक सवारियां भरीं थीं, बल्कि हादसे के समय बस ओवर स्पीड भी थीं। सड़क किनारे सुरक्षा घेरा न होने को भी हादसे की एक बड़ी वजह माना जा रहा है।




















