आरयू वेब टीम। दिल्ली में रविवार को भीषण हादसा हो गया है। जहां एसी में धमाका होने के बाद चार मंजिला रिहायशी इमारत में आग भड़क गई। आग की लपटों ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयानक आग को देख इलाके में चीख-पुकार मच गई। आग लगने की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। वहीं रेस्क्यू ऑपरेशन कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान नौ लोगों के शव भी बरामद हुए।
मिली जानकारी के मुताबिक हादसा पूर्वी दिल्ली के शाहदरा के पॉश इलाके विवेक विहार में हुआ। फायर कंट्रोल रूम को भोर में करीब तीन बजकर 47 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने देखा कि आग चार मंजिला इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल से निकल रही थी। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और इमारत के अंदर से दस से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, उनमें से दो को चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हादसे की जानकारी पर शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा भी मौके पर पहुंचे। जिनको एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जोरदार धमाके आवाज सुनी। बाहर निकलकर देखा तो पास वाली बिल्डिंग में आग लगी थी। शोर मचाकर लोगों को बुलाया और आग बुझाने की कोशिश की। साथ ही इस बीच हादसे की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घायल अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। क्योंकि शवों की हालत बेहद खराब है।
यह भी पढ़ें- विकासनगर में लगी भीषण आग, सैकड़ों झोपड़ियां जलकर राख, सिलेंडर के धमाकों से गूंजा इलाका




















