UP: सवारियों से भरी टेंपो में तेज रफ्तार बोलेरो ने मारी टक्कर, आठ की मौत, छह घायल

कासगंज एक्सिडेंट

आरयू संवाददाता, कासगंज। यूपी के कासगंज जिले में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। बोलेरो और टेंपो की टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि छह अन्य घायल हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पटियाली सीएचसी में पहुंचाया। जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार पटियाली थाना क्षेत्र में कासगंज मार्ग पर गांव अशोकपुर मोड़ के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ घायल हो गए। इलाज के दौरान अन्‍य घायलों ने भी उपचार के दौरान अस्‍पताल में दम तोड़ दिया, जिससे हादसे में मरने वालों की संख्‍या बढ़कर आठ हो गयी। बताया जा रहा है कि टेंपो में दस सवारियां मौजूद थीं। इनमें से ज्यादातर महिलाएं थीं। ये महिलाएं पटियाली में आयोजित सत्संग में शामिल होने के लिए जा रही थीं। पुलिस आगे की जानकारी जुटा रही है।

टक्कर इतनी भयंकर थी कि टेंपो के हर तरफ से परखच्चे उड़े गए हैं। हादसे में टेंपो सवार महिलाओं समेत सात लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि बोलेरो में भी आठ लोग सवार थे। इनमें से एक ने दम तोड़ दिया। तीन लोग अभी भी गंभीर रूप से घायल हैं और अन्‍य चार लोगों को भी चोट आई है।

यह भी पढ़ें- कानपुर-इटावा हाइवे पर भीषण हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी बस, 25 यात्री घायल

मृतकों में से कुसुमलता पत्नी मेवाराम, नैना पत्नी राकेश ग्राम चिलौला थाना कायमगंज जिला फर्रुखाबाद की ही पहचान हो सकी है। अन्य शवों की अभी पहचान नहीं हुई है। घायलों में से गंभीर घायल अलीगढ़ रेफर किए गए हैं। डीएम हर्षिता माथुर, एसपी बोत्रे रोहन प्रमोद ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

यह भी पढ़ें- UP में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार के पलटने से चार मासूमों समेत पांच लोगों की मौत, दो घायल