आरयू वेब टीम। गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में बुधवार एक बड़ा हादसा हो गया। यहां स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। जैसे ही आग की लपटें उठीं और धुआं फैलने लगा, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने अपने घरों से बाहर भागकर जान बचाई। कुछ ही मिनटों में पूरी सोसाइटी में अफरा- तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुट गए।
जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब नौ बजे 10वीं मंजिल के एक फ्लैट से उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। कुछ ही मिनटों में यह आग 9वीं, 10वीं और 11वीं मंजिल तक फैल गई, जिससे आठ से दस फ्लैट इसकी चपेट में आ गए। धुएं के गुबार और आग की तेज लपटों ने सोसाइटी में रहने वाले लोगों को दहशत में डाल दिया। आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग को अलर्ट किया गया। फायर फाइटर्स लगातार आग बुझाने की कोशिश कि। ऊंची इमारत होने की वजह से आग पर काबू पाने में काफी दिक्कत आई।
स्थिति को देखते हुए पूरी सोसाइटी की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। इससे किसी और बड़े हादसे से बचाव किया जा सके। आग लगते ही ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग डर गए और कई लोग चीखते-चिल्लाते हुए बाहर निकलने लगे। सोसाइटी प्रबंधन और स्थानीय लोगों की मदद से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ लोगों को सीढ़ियों के जरिए नीचे लाया गया।
यह भी पढ़ें- विकासनगर में लगी भीषण आग, सैकड़ों झोपड़ियां जलकर राख, सिलेंडर के धमाकों से गूंजा इलाका
आग से निकला काला धुआं इतना ज्यादा फैल गया कि आस-पास के इलाके में भी इसका असर दिखने लगा। कई लोगों ने बताया कि धुएं की वजह से सांस लेने में परेशानी हो रही है। सुबह-सुबह आसमान में फैला धुएं का गुबार देखकर लोग दहशत में आ गए। कई लोगों को पहले तो समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है।
यह भी पढ़ें- चारमीनार के पास लगी भीषण आग में आठ मासूमों समेत परिवार के 17 सदस्यों की दर्दनाक की मौत




















