फिर भड़की मणिपुर में हिंसा, कुकी समुदाय के 15 घर जलाए गए, एक की मौत

मणिपुर में हिंसा
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। मणिपुर में हिंसा की घटना थमने का नाम ही नहीं ले रही है। मणिपुर के कामजोंग जिले के चासाद गांव में संदिग्ध उग्रवादियों ने कुकी समुदाय के कम से कम एक दर्जन से अधिक घरों में आग लगा दी। जिससे दहशत में  बड़ी संख्या में ग्रामीणों को अपने घर छोड़कर जंगलों और नजदीकी सेना शिविर में शरण लेनी पड़ी।

अधिकारियों ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार देर रात संदिग्ध उग्रवादियों ने चासाद गांव पर हमला किया और कुकी समुदाय के कम से कम 15 घरों में आग लगा दी। इस घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई। अपनी सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। कई लोगों ने जंगलों और पास के सेना शिविर में शरण ली।

साथ ही अघिकारियों ने बताया कि शनिवार को चासाद गांव में संदिग्ध उग्रवादियों की गोलीबारी में कुकी समुदाय के एक नागरिक की जान चली गई थी। इस हमले में चार अन्य लोग गोली लगने से घायल हुए थे। गोलीबारी और इसके बाद हुई आगजनी से इलाके में तनाव बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- मणिपुर: राहत कैंपों में संदिग्‍ध परिस्थितियों में बड़ी संख्‍या मे हुई लोगों की मौतों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, मांगी विस्तृत रिपोर्ट

वहीं मणिपुर पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि प्रभावित क्षेत्र में हालात को नियंत्रित करने के लिए असम राइफल्स, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और कामजोंग पुलिस की संयुक्त टुकड़ी तैनात की गई है। सुरक्षाबलों की तैनाती का उद्देश्य क्षेत्र में शांति बहाल करना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इसके अलावा कामजोंग जिले में शनिवार रात एक अलग घटना भी हुई। जिला मुख्यालय में प्रतिद्वंद्वी सशस्त्र समूहों के हमले में तांगखुल नागा समुदाय के तीन नागरिकों को गोली लगी। इस घटना के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें- मणिपुर: जिरीबाम में महिला-बच्चों समेत तीन शव मिलने से तनाव, प्रदर्शन