मध्य प्रदेश में शीतला माता मंदिर के पास ट्रक ने श्रद्धालुओं को रौंदा, 13 की मौत, 40 घायल

मध्य प्रदेश
हादसे में मंदिर के गेट से टकराया ट्रक।

आरयू वेब टीम। मध्य प्रदेश में नवरात्र के दौरान शीतला माता मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ रविवार को भीषण हादसा हो गया है। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं और सड़क किनारे लगी दुकानों को रौंदता हुआ मंदिर के प्रवेश द्वार से जा टकराया। हादसे में 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मियों समेत 40 लोग घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इनमें सात लोगों की हालत काफी गंभीर बताई गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक हादसा ग्वालियर जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर शीतला माता मंदिर के पास हुआ। चीनोर की ओर से आ रहा ट्रक घाटी से नीचे उतरते समय अनियंत्रित हो गया और मंदिर के बाहरी गेट के आस-पास बनी दुकानों में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं और दोपहिया वाहन भी टूट गए। हादसा उस समय हुआ, जब मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। कुछ लोग कतार में खड़े थे, जबकि कई श्रद्धालु आसपास की दुकानों पर थे।

हादसे की सूचना पर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां सात घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि मृतकों के शव ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में रखे गए हैं।

ग्वालियर की कलेक्टर रुचिका चौहान के अनुसार, ट्रक ने सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों और श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में लेने के बाद मंदिर के प्रवेश द्वार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर की पक्की दीवार ढह गई। इसके मलबे में करीब 40 से 50 लोगों के दबने की जानकारी सामने आई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।

यह भी पढ़ें- यूपी में माता के दर्शन कर लौट रहे ज्योत पदयात्रियों को कैंटर ने रौंदा, चार श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, 15 घायल

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की टक्कर के बाद घटनास्थल पर धूल और धुएं का गुबार छा गया। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई और लोगों को कुछ समझने या संभलने का मौका तक नहीं मिला। वहीं ग्वालियर के अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की। साथ ही बताया कि अस्पताल में भर्ती घायलों में सात की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। दूसरी ओर अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आठ मृतकों की पहचान

वहीं प्रशासन की ओर से अब तक आठ मृतकों की पहचान की गई है। जिनमें सत्येंद्र गुर्जर (22 वर्ष), सरला तोमर (50 वर्ष), गौरव परिहार (18 वर्ष), महेश शर्मा (45 वर्ष), विमलेश (18 वर्ष), देवेश बघेल (17 वर्ष), प्रिंस उर्फ छोटू जाटव (16 वर्ष), शौर्य शर्मा (15 वर्ष)।

यह भी पढ़ें- डिवाइडर तोड़ 20 फीट नीचे नाले में गिरा ट्रैवलर, खाटू श्याम जा रहे आठ श्रद्धालुओं की मौत, 17 घायल