गोवा में राहुल गांधी का भाजपा सरकार पर आरोप, ज्ञानेश कुमार वोटों चोरी को लागू करते हैं, शाह-मोदी चलाते हैं योजना

राहुल गांधी
कार्यक्रम को संबोधित करते राहुल गांधी।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को गोवा के मडगांव में पार्टी की ‘गोय राखोन यात्रा’ में हिस्सा लिया। जहां राहुल गांधी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ करीब दो किलोमीटर पैदल यात्रा की। इसके बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मडगांव क्रिकेट क्लब मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार वोटों की चोरी को लागू करते हैं, अमित शाह इसे आगे बढ़ाते हैं और नरेंद्र मोदी पर्दे के पीछे से पूरी योजना चलाते हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि “मैं 45 से ज्यादा मानहानि के मामलों का सामना कर रहा हूं। ये मामले अमित शाह, नरेंद्र मोदी और दूसरे लोगों की ओर से किए गए हैं। इन 45 मामलों के बावजूद मैं हर मौके पर कहता हूं कि नरेंद्र मोदी वोट चोरी करते हैं। फिर भी सिर्फ इस दावे को लेकर मेरे खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।”

राहुल गांधी ने कहा कि अगर वोट चोरी को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया, तो पूरी कानूनी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और इसमें वे लोग भी फंस जाएंगे। साथ ही कहा कि दिल्ली में ज्ञानेश कुमार नाम का एक व्यक्ति है, जिसे रात में नींद नहीं आती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह भी चैन से नहीं हैं। “वे जानते हैं कि देर-सबेर कांग्रेस पार्टी उन्हें जवाबदेह ठहराएगी और न्याय दिलाएगी।”

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “हम संविधान के रखवाले हैं, उसकी रक्षा करना हमारा पवित्र कर्तव्य है। वोट चोरी करके उन्होंने संविधान पर हमला किया है। उन्होंने हमारे पवित्र कर्तव्य पर हमला किया है और हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे।” उन्होंने आगे कहा, “नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को अपने कामों का जवाब देना होगा और उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।”

यह भी पढ़ें- ज्ञानेश कुमार को कुर्सी से हटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक मार्च में उमड़ा जनसैलाब, प्रियंका गांधी-नेहा बोरा की ढाल भी बनें राहुल गांधी

गोवा में भ्रष्टाचार का भी मुद्दा उठाते हुए राहुल ने कि कहा, “यहां बहुत ज्यादा भ्रष्टाचार है। वास्तव में, गोवा पूरे देश का सबसे भ्रष्ट राज्य हो सकता है। इन लोगों ने गोवा को भ्रष्टाचार का एक ‘मॉडल’ बना दिया है।” राहुल गांधी के साथ यात्रा में एआईसीसी गोवा प्रभारी माणिकराव ठाकरे, सह-प्रभारी अंजलि निंबालकर, विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ और गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश चोडनकर भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- बिहार बाढ़ पर राहुल ने पूछा, हर साल त्रासदी, 17 साल में डबल इंजन सरकार ने क्या किया