आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र के धुले जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। मुंबई- आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालिंग घाट के पास हुए इस भीषण हादसे में एक टोल कर्मचारी समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा इतना भयावह था कि कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत बचाव कार्य कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार रेत से भरे एक तेज रफ्तार डंपर और एक ट्रक की टक्कर की भीषण टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि लालिंग घाट से गुजरते समय डंपर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद डंपर सामने चल रहे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसी दौरान पीछे से आ रही एक निजी यात्री बस भी दुर्घटनास्थल तक पहुंच गई।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, बस चालक अचानक सामने हुए हादसे को देखकर वाहन नियंत्रित नहीं कर सका और बस पहले से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा टकराई। इस दूसरी टक्कर ने हादसे को और भी भयावह बना दिया। बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस में फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया।
इस हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में एक टोल कर्मचारी भी शामिल है, जो हादसे के दौरान मौके पर मौजूद था। वहीं 26 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों को गंभीर स्थिति में धुले और नासिक के बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।
वहीं पुलिस और प्रशासन की टीम ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया। बचाव कार्य के दौरान पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई, जिससे और अधिक जान के नुकसान को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें- मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो-कार व ट्राले से टकराईं ट्रक, 11 की मौत
इस दौरान हादसे के बाद मुंबई-आगरा हाईवे पर कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और मलबे के कारण लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को निकालने का प्रयास किया। करीब कई घंटों की मशक्कत के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे हाईवे पर सावधानी से वाहन चलाएं और गति सीमा का पालन करें। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।




















