आरयू वेब टीम। सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर भारी इजाफा किया गया है। पिछले दस दिनों में ईंधन के दामों में ये चौथी बार बढ़ोतरी है। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 2.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल 2.71 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो गया है। तेल की कीमत बढ़ने से अब आम जनता की जेब पर बोझ बहुत ज्यादा बढ़ गया है। इससे लोगों के घर का मासिक बजट तो बिगड़ेगा ही, साथ ही ट्रांसपोर्टेशन यानी माल ढुलाई का खर्च भी काफी ऊपर चला जाएगा, जिसका सीधा असर घरेलू खर्चों पर भी देखने को मिलेगा।
देश की राजधानी दिल्ली में इस नई बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच गए हैं। दिल्ली में पेट्रोल का दाम 2.61 रुपए बढ़कर 102.12 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। वहीं, डीजल की कीमतों में भी 2.71 रुपए प्रति लीटर का बड़ा इजाफा हुआ है, जिसके बाद दिल्ली में डीजल 92.49 रुपए से बढ़कर 95.20 रुपए प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। दरअसल 15 मई से शुरू हुए बढ़ोत्तरी के सिलसिले के बाद से अब तक पेट्रोल और डीजल के दामों में कुल मिलाकर करीब 7.5 रुपए प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है, जो आम उपभोक्ताओं के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गई है।
देश के अन्य बड़े शहरों और मेट्रो शहरों की बात करें तो वहां भी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। हैदराबाद में पेट्रोल की कीमत में 2.88 रुपए की बड़ी बढ़ोतरी देखी गई, जिसके बाद वहां पेट्रोल का रेट 115.73 रुपए प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। हैदराबाद पेट्रोल के मामले में सबसे महंगे शहरों में शामिल हो गया है। वहीं, राजस्थान की राजधानी जयपुर में पेट्रोल की कीमतों में सबसे तेज और सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें- जनता पर बढ़ा महंगाई का बोझ, फिर हुआ पेट्रोल-डीजल के दाम में इजाफा
जयपुर में पेट्रोल का दाम एक ही झटके में 3.51 रुपए प्रति लीटर बढ़ गया, जिससे वहां नया रेट 113.35 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। डीजल की बात करें तो हैदराबाद में 2.88 रुपए की बढ़ोतरी के बाद डीजल का दाम भी 103.82 रुपए प्रति लीटर हो गया है, जो सूची में शामिल शहरों में सबसे अधिक है। जयपुर में भी डीजल के दामों में 3.34 रुपए का बड़ा जंप देखने को मिला है, जिससे वहां डीजल का भाव 98.39 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है।



















