जनता पर बढ़ा महंगाई का बोझ, फिर हुआ पेट्रोल-डीजल के दाम में इजाफा

पेट्रोल-डीजल

आरयू वेब टीम। देश में बढ़ रही महंगाई की मार झेल रही जनता पर बोझ बढ़ गया है। हाल ही में पेट्रोल-डीजल में तीन-तीन रुपये की बढ़ोतरी होने के बाद फिर दामों में बढ़ोतरी हुई है। पेट्रोल पर 87 पैसे और डीजल पर 91 पैसे दाम बढ़े हैं। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में आज पेट्रोल के दाम 87 पैसे बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं।

वहीं डीजल 91 पैसे महंगा होकर 91.58 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया। साथ ही कोलकाता में मंगलवार को एक लीटर पेट्रोल का रेट अब 109.70 रुपये और डीजल का रेट 96.07 रुपये हो गया है, जबकि चेन्नई में पेट्रोल आज 19 मई से 104.49 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 96.11 रुपये हो गई है। साथ ही लखनऊ में पेट्रोल 98.42 रुपए, डीजल 91.73 रुपए हो गया है।

इसके अलावा पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने साफ कहा कि तेल कंपनियों को राहत देने के लिए फिलहाल किसी सरकारी सब्सिडी पैकेज पर विचार नहीं हो रहा है। कंपनियां अब भी पेट्रोल, डीजल और एलपीजी को लागत से कम कीमत पर बेच रही हैं।

यह भी पढ़ें- राजधानी पहुंचा पेट्रोल-डीजल की मार का असर, सीएम रेखा ने कहा, कर्मी करेंगे हफ्ते में दो दिन वर्क फ्रॉम होम, एक दिन मनायेंगे No व्हीकल डे

गौरतलब है कि एक हफ्ते में दो बार पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी हुई है। बीते शुक्रवार 15 मई को ही तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम करीब तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे। एक ही हफ्ते में ईंधन की कीमतों में ये दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है।

यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल व सिलेंडर के बाद CNG भी हुई महंगी, टॉरेंट गैस ने 2.50 पैसे बढ़ाए