अब घरेलू सिलिंडर हुआ महंगा, रसोई गैस में 29 रुपये की बढ़ोतरी

एलपीजी सिलेंडर का दाम बढ़ा

आरयू वेब टीम। आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका देते हुए सरकार ने घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलिंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है।
नई दरों के अनुसार दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलिंडर अब 913 रुपये के बजाय 942 रुपये में मिलेगा। संशोधित कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। इससे पहले भी कीमतों में वृद्धि की गई थी, जिसके बाद उपभोक्ताओं को राहत की उम्मीद थी, लेकिन अब फिर से बढ़ोतरी होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। कई उपभोक्ताओं का मानना है कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण घरेलू बजट का संतुलन बिगड़ रहा है।

ये पिछले तीन महीनों में घरेलू गैस की दूसरी मूल्य वृद्धि है। इससे पहले सात मार्च को सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलिंडर के दाम 60 रुपये बढ़ाए थे। लगातार दूसरी बढ़ोतरी से घरेलू उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। ये नई दर आज से लागू हो गई है। इसी तरह मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, लखनऊ, पटना, जयपुर और अन्य प्रमुख शहरों में भी गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं।

यह भी पढ़ें- LPG सिलेंडर लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, लगाए नाम नरेंदर, काम सरेंडर के नारे

कीमतों में ये वृद्धि ऐसे समय हुई है जब पहले से ही खाद्य पदार्थों, बिजली, परिवहन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की लागत बढ़ रही है। रसोई गैस हर परिवार की दैनिक जरूरत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इसकी कीमत में मामूली वृद्धि भी सीधे तौर पर घर के मासिक खर्च को प्रभावित करती है। विशेष रूप से मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों को इसका अधिक असर महसूस होगा।

एलपीजी की इस बढ़ोतरी के साथ ही अन्य ईंधनों की कीमतों में भी वृद्धि हुई है। मई के मध्य से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल 7.50 प्रति लीटर रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। सीएनजी की दर में करीब छह रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है। इसके बावजूद तेल कंपनियां पेट्रोल पर 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 33.60 रुपये प्रति लीटर का नुकसान झेल रही हैं।

यह भी पढ़ें- बड़ा झटका: अब कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर ने मारी 250 रुपये ऊंची छलांग