ईंधन की बढ़ती कीमत पर बोले खड़गे, जनता का विश्वास खो चुकी मोदी सरकार

मल्लिकार्जुन खड़गे

आरयू वेब टीम। ईंधन की बढ़ती कीमत पर सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। खड़गे ने दावा किया कि मोदी सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। साथ ही ये भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार पर सभी मोर्चों पर विफल साबित हुई है। इस बीच कांग्रेस नेता ने कर्नाटक के भावी मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के नेतृत्व में मंत्रिमंडल के गठन के संबंध में जारी चर्चा को लेकर टिप्पणी से इनकार किया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी दिन-ब-दिन गैस, पेट्रोल, डीजल और अन्य सभी चीजों की कीमतें बढ़ा रहे हैं। शायद, उन्हें देश की कोई चिंता नहीं है। उनके नेतृत्व वाली सरकार ने उन लोगों का विश्वास खो दिया है जिन्होंने उन पर विश्वास किया और उन्हें वोट देकर सत्ता में भेजा।’ खड़गे ने हमला जारी रखते हुए कहा कि ‘‘वह हर बात के लिए विपक्ष पर निशाना साधते हैं, या उस पर देश के विकास में सहयोग न करने का आरोप लगाते हैं। जबकि विपक्ष हमेशा देश और लोगों के बारे में सोचता है और वह सब कुछ कर रहा है जो वह कर सकता है। उन्होंने (मोदी सरकार ने) लोगों के लिए जो भी वादा किया था, उसे निभाने में विफल हो रहे हैं।’

वहीं डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में गिरावट और बढ़ती महंगाई का हवाला देते हुए खड़गे ने कहा कि केंद्र को महंगाई और बेरोजगारी की कोई चिंता नहीं है। ‘यह सरकार हर चीज में विफल रही है। यह केवल बातें करती हैं। बात करने के अलावा उन्हें लोगों की कोई चिंता नहीं है।’’

यह भी पढ़ें- महीने के पहले ही दिन जनता को झटका! 19 किलो वाले LPG के दाम में 42 रुपये तक का इजाफा

गौरतलब है कि होटल और रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाली वाणिज्यिक द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की कीमत 19 किलोग्राम के सिलेंडर पर सोमवार को 42 रुपये बढ़ा दी गई। जिसके बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 3,071.50 रुपये से बढ़ाकर 3,113.50 रुपये कर दी गई है।

यह भी पढ़ें- दस दिन में तीसरी बार महंगी हुई CNG, जानें कितनी हुई कीमत