राफेल डील पर बोले मनमोहन सिंह, मोदी सरकार नहीं बना रही समिति, दाल में कुछ काला है

एमपी में मनमोहन सिंह
प्रेसवार्ता के दौरान मनमोहन सिंह।

आरयू वेब टीम। 

मध्य प्रदेश का विधानसभा चुनाव प्रचार अपने चरम पर पहुंच चुका है। इसी क्रम में बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इंदौर में मीडिया से कहा कि अगर आप शिवराज सिंह चौहान से पूछेंगे तो वो  इस बात की गवाही देंगे कि मेरी पूर्ववर्ती सरकार ने मध्य प्रदेश से कभी भेदभाव नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार जनता से किए वादे निभाने में नाकाम रही है।

अमूमन शांत रहने वाले प्रधानमंत्रियों में गिने जाने वाले पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने आज भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि किसान कर्ज के बोझ से दबे हैं, उन्हें फसल का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है। मोदी सरकार पर हमला करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री बोले कि भाजपा सरकार का हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा सिर्फ जुमला बनकर रह गया है।

यह भी पढ़ें- राफेल डील: राहुल गांधी ने फिर बोला हमला, जांच हुई तो नहीं बचेंगे प्रधानमंत्री, दिए ये तर्क

मनमोहन सिंह आज इतने पर ही नहीं रूके उन्‍होंने राफेल डील पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कठघरे में खड़ा किया। उन्‍होंने कहा कि राफेल मामले में देश की जनता को काफी संदेह है। जनता मांग कर रही है कि इसकी जांच के लिये सरकार संयुक्त संसदीय समिति की जांच को मान जाये। लेकिन सरकार इसके लिये तैयार नहीं, जिससे पता लगता है कि दाल में कुछ काला है।

यह भी पढ़ें- MP, राजस्थान समेत पांच राज्यों में चुनाव तीथि की घोषणा, 11 दिसंबर को आएगा फैसला

उन्होंने कहा कि नोटबंदी और खामीयुक्‍त जीएसटी से असंगठित क्षेत्र को बहुत नुकसान हुआ है। मनमोहन ने मध्यप्रदेश में व्यापमं को महाघोटाला बताते हुए कहा कि व्यापम घोटाले ने हमारे 70 लाख युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया, जिसमें 50 से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवा दी। ई-निविदा घोटाले में कुछ निजी कंपनियों के पक्ष में सरकारी बोलियों में बड़े पैमाने पर हेराफेरी की गई।

यह भी पढ़ें- MP में बोले राहुल, मैं नहीं करता झूठे वादे, सरकार बनने पर दस दिन में माफ होगा किसानों का कर्ज