दिल्ली में कांग्रेस को झटका, प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने दिया इस्तीफा

आरयू वेब टीम। लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली में कांग्रेस पार्टी को झटका लगा है। अरविंदर सिंह लवली ने दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले शीला सरकार में 12 साल तक मंत्री रहे राजकुमार चौहान ने टिकट न मिलने पर कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। बताया जा रहा है कि अरविंदर सिंह लवली आम आदमी पार्टी से गठबंधन के खिलाफ थे।

अरविंदर लवली ने अपने इस्तीफे में कहा है कि दिल्ली कांग्रेस इकाई उस पार्टी के साथ गठबंधन के खिलाफ थी, जो कांग्रेस पार्टी के खिलाफ झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के एकमात्र आधार पर बनी थी। इसके बावजूद पार्टी ने दिल्ली में आप के साथ गठबंधन करने का फैसला किया।

अरविंदर सिंह लवली ने इस्तीफे में आगे कहा कि अगस्त 2023 में जब मुझे कार्यभार सौंपा गया था, तब पार्टी इकाई किस स्थिति में थी यह सबको पता है। मैंने पार्टी को पुनर्जीवित करने और अपने स्थानीय कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने के लिए कड़ी मेहनत की है। मैंने सैकड़ों स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं को फिर से पार्टी में शामिल किया।

यह भी पढ़ें- तमिलनाडु में कांग्रेस को झटका, विधायक विजयधरानी भाजपा में शामिल

उन्होंने आगे कहा कि वह कई कारणों से खुद को अपंग महसूस करते हैं और दिल्ली पार्टी इकाई के अध्यक्ष के रूप में बने रहने में अपने आप को असमर्थ समझते हैं।  इस्तीफे में उन्होंने लिखा कि 31 अगस्त 2023 को मुझे दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया, इसके लिए मैं कांग्रेस पार्टी का आभार व्यक्त करता हूं। मैंने पिछले सात-आठ महीनों में दिल्ली में पार्टी को फिर से स्थापित करने का भरपूर प्रयास किया है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस का बड़ा आरोप, मणिपुर में हाईजैक हुआ लोकतंत्र, जबरन NDA को डलवाए जा रहे वोट