गुजरात रैली में कांग्रेस पर PM मोदी का हमला, शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए है पाकिस्तान उतावला

आरयू वेब टीम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात में चुनाव प्रचार किया। इस प्रचार के दौरान उन्होंने शास्त्री मैदान में एक रैली को भी संबोधित कर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पूरा देश आज विश्वास के साथ कह रहा है, ‘फिर एक बार मोदी सरकार’। साथ ही पीएम मोदी ने कांग्रेस के 60 वर्षों के कार्यकाल से भाजपा के दस वर्षों के कार्यकाल की तुलना की। पीएम मोदी ने इस दौरान कांग्रेस के कार्यकाल को शासनकाल कहा।साथ ही कांग्रेस को पाकिस्तान का मुरीद बता कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है।

पीएम मोदी ने कहा, “देश ने 60 साल तक कांग्रेस का राज देखा है। अब देश ने दस साल भाजपा का सेवाकाल भी देखा है। वो शासनकाल था, ये सेवाकाल है। कांग्रेस के 60 साल में करीब 60 फीसदी ग्रामीण आबादी के पास शौचालय नहीं था। दस साल में भाजपा सरकार ने शत-प्रतिशत टॉयलेट बना दिए। 60 साल में कांग्रेस देश में सिर्फ तीन करोड़ ग्रामीण घरों तक ही नल से जल की सुविधा पहुंचा पाई, यानी कि 20 प्रतिशत से भी कम घरों में। दस साल में ही नल से जल पहुंचने वाले घरों की संख्या आज 14 करोड़ हो गई है, यानी 75 फीसदी घरों में नल से जल पहुंचा है।”

वहीं मोदी ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया है। कांग्रेस ने बैंकों पर कब्जा कर लिया और ये कहा कि बैंक गरीबों के लिए होने चाहिए। उन्होंने आगे कहा, “बैंकों का राष्ट्रीयकरण गरीबों के नाम पर करने के बावजूद भी कांग्रेस सरकार 60 साल में करोड़ों गरीबों के बैंक खाते नहीं खोल पाई। मोदी ने दस साल में 50 करोड़ से ज्यादा जनधन बैंक खाते खोले।” “2014 में जब आपने अपने इस बेटे को गुजरात से दिल्ली भेजकर देश की सेवा करने का आदेश दिया, उस समय देश के प्रधानमंत्री बड़े विद्वान अर्थशास्त्री थे। जब उन्होंने छोड़ा था, तब देश दुनिया में 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था था। दस साल में इस गुजराती ने, चाय वाले ने देश की इकोनॉमी को पांचवें नंबर पर पहुंचा दिया।”

प्रधानमंत्री ने बताया कि कांग्रेस के कारण दशकों तक देश के संविधान के साथ भांति-भांति के खिलवाड़ हुए। सरदार वल्लभभाई पटेल का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि वह बहुत जल्दी चले गए, जिसके कारण देश को बहुत नुकसान हुआ है। उन्होंने आगे कहा, “मेरे मन में है कि मैं सरदार साहब के सपने भी पूरे करने की कोशिश करूं। आज मोदी देश को एक करने के सरदार साहब के सपने को पक्का कर रहा है। वहीं कांग्रेस देश को बांटने में जुटी है, कांग्रेस समाज में लड़ाई-झगड़ा कराना चाहती है।”

यह भी पढ़ें- कर्नाटक रैली में PM मोदी ने कहा, राष्ट्र हित से दूर, एक परिवार के हित में उलझी है कांग्रेस

वहीं राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे आजकल माथे पर संविधान रखकर नाच रहे हैं। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया, “कांग्रेस मुझे जवाब दे कि जिस संविधान को आज माथे पर रखकर नाच रहे हो, क्यों 75 साल तक हिंदुस्तान के सभी हिस्सों पर ये संविधान लागू नहीं होता था। मोदी के आने से पहले इस देश में दो संविधान, दो झंडे थे। शहजादे की पार्टी कांग्रेस ने, इनके परिजनों ने देश में संविधान लागू नहीं होने दिया था। कश्मीर में हिंदुस्तान का संविधान लागू नहीं होता था। धारा 370 दीवार बनकर बैठी थी। सरदार पटेल की भूमि से आए इस बेटे ने उस 370 को जमींदोज कर दिया और सरदार साहब को श्रद्धांजलि दी।”

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी का राहुल गांधी पर हमला, जैसे अमेठी से भागे, वैसे वायनाड भी छोड़ देंगे