रामगढ़ सीट पर भाजपा को हराकर कांग्रेस ने किया कब्‍जा

रामगढ़ सीट
जीत के बाद कांग्रेस प्रत्याशी शफिया जुबैर साथ में अन्‍य।

आरयू वेब टीम। 

राजस्‍थान की रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव की गुरुवार को वोटों की गिनती में कांग्रेस प्रत्याशी शफिया जुबैर को कुल 83,311 वोट मिले हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वदी भाजपा के सुखवंत सिंह को 12,228 वोटों से हरा कर जीत हासिल की है।

दूसरे स्थान पर रहे भाजपा के सुखवंत सिंह को 71,083 मत मिले। वहीं बसपा उम्मीदवार जगत सिंह 24,856 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। निर्वाचन विभाग के अनुसार जुबैर को 44.77 प्रतिशत मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 38.20 प्रतिशत मत मिले। चुनाव में उतरे 20 उम्मीदवारों में से पूर्व केन्द्रीय मंत्री नटवर सिंह के पुत्र और बसपा उम्मीदवार जगत सिंह सहित 18 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। चुनाव में नोटा का प्रयोग करने वाले 241 मतदाताओं में एक मतपत्र का मतदाता भी शामिल है।

यह भी पढ़ें- कर्नाटक की जीत पर लखनऊ में भी कांग्रेसियों ने मनाया जश्‍न

वहीं जीत पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा आज मुझे बहुत खुशी है कि रामगढ़ की जनता ने सही फैसला किया है, सोच-समझकर किया है। मैं रामगढ़ के मतदाताओं को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं, आभार प्रकट करता हूं। मुझे बेहद प्रसन्नता है कि उन्होंने कांग्रेस को आशीर्वाद दिया है। यह फैसला ऐसे वक्‍त किया है जब एक मैसेज देने की आवश्यकता थी।

यह भी पढ़ें- गहलोत ने CM व सचिन ने उपमुख्‍यमंत्री पद की ली शपथ, राहुल ने कहा कि राजस्‍थान की सेवा करना कांग्रेस के लिए गौरव की बात

राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि यह कांग्रेस में लोगों के विश्‍वास की जीत है। पायलट ने कहा कि राजस्थान की जनता ने एक बार फिर से कांग्रेस पर विश्‍वास जताया है। सरकार की गठन के बाद यह पहला चुनाव था। परिणाम से स्पष्ट है कि भाजपा ने अपना जनाधार खो दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनावों में समुदायों, धर्मों और मतों का ध्रुवीकरण करने की कोशिश की लेकिन वह विफल रही। उन्होंने कहा कि पार्टी को जीत दिलाकर विश्वास जताने के लिए वह रामगढ़ की जनता को धन्यवाद देते हैं।

यह भी पढ़ें- राजस्‍थान में टीम गहलोत की हुई ताजपोशी, 23 मंत्रियों ने ली शपथ, इस पार्टी के विधायक को भी मिल गया मौका