लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दो अलग-अलग बस हादसे, 40 यात्री घायल

बस हादसे
हादसे में क्षतिग्रस्त बस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के दो अलग-अलग सड़क हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। बेहटा मुजावर और बांगरमऊ थाना क्षेत्र में महज कुछ किलोमीटर के अंतर पर हुए दोनों हादसे में नेपाल के दो नागरिकों समेत करीब 40 यात्री घायल हो गए। हादसे के करीब दस मिनट बाद यूपीडा की टीम व पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से घायलों को बसों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। साथ ही दोनों स्थानों पर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया।

जानकारी के मुताबिक लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या 246 के पास अयोध्या जिले के अतरंगा क्षेत्र निवासी स्लीपर बस चालक अंकित, परिचालक आदर्श के साथ करीब 65 यात्रियों को लेकर दिल्ली से लखनऊ जा रहा था। रविवार को भोर में करीब पांच बजे बेहटा मुजावर क्षेत्र के शादीपुर गांव के पास चालक अंकित को झपकी आ गई।

करीब सौ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही बस अनियंत्रित होकर एल्युमिनियम गार्ड तोड़ते हुए करीब 15 फीट गहरी खंती में पलट गई। हादसे के दौरान बस में सवार यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे।
इस दुर्घटना में चालक और परिचालक समेत 32 यात्री घायल हो गए।

यह भी पढ़ें- यात्रियों से भरी प्राइवेट बस पलटने से ड्राइवर समेत सात लोगों की मौत, कई घायल

दूसरी घटना में सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना क्षेत्र के शिवपत नगर निवासी चालक आशिक खान करीब 60 यात्रियों को लेकर दिल्ली से गोंडा जा रहा था। बांगरमऊ क्षेत्र के देवखरी गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय चालक को झपकी आ गई। इसके चलते बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस हादसे में चालक समेत आठ यात्री घायल हुए।

सभी घायलों को सीएचसी बांगरमऊ भेजा। पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात को प्रभावित नहीं होने दिया गया और आवागमन सुचारू रूप से जारी रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटवा दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य रूप से संचालित होने लगा।

यह भी पढ़ें- मध्य-प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक-पिकअप को मारी टक्कर, पांच की मौत, 17 घायल