तिरंगा यात्रा में सीएम योगी ने शहीदों को श्रद्धांजलि, कही ये बात

तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा में सेल्फी लेते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। देश में स्वतंत्रता दिवस का जश्न शुरू हो गया है। इस बीच रविवार को राजधानी लखनऊ में भी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के बाद सीएम योगी काकोरी शहीद स्मारक पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। इस दौरान सीएम योगी ने जनता को संबोधित कर कहा कि ये मौका बहुत खास है क्योंकि कुछ ही दिनों में, 15 अगस्त को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सभी लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने का अधिकार दिया है, जिससे झंडे के प्रति सम्मान और ‘हर घर तिरंगा’ के मंत्र को बढ़ावा मिले। साथ ही कहा कि झंडा संहिता में बदलाव किए गए ताकि आप इसे अपने घरों पर लगा सकें। सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कांग्रेस के समय में घर पर तिरंगा फहराने के लिए लोगों को संघर्ष करना पड़ता था और कोर्ट तक जाना पड़ता था, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने देश के 140 करोड़ भारतीयों को ये आजादी दी, जिससे लोग गर्व, सम्मान और गौरव के प्रतीक तिरंगे को अपने घरों पर फहरा सकते हैं।

साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज से हर घर तिरंगा अभियान शुरू हुआ है। हमारा युवा सभी चुनौतियों का सामना करने का सामर्थ रखता है। सीएम ने कहा कि 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। तिरंगा हमारी आन बान शान है। पूरे देश में वंदे मातरम की गूंज है। योगी ने कहा कि वंदे मातरम कहना पड़ेगा। आगे कहा कि राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।

इसके अलावा सीएम ने कहा ‘हमारे युवाओं में देश के सामने आने वाली हर चुनौती का सामना करने की क्षमता है। ये जरूरी है कि युवाओं की इस ऊर्जा को, जिसमें यह क्षमता है, आगे बढ़ने के लिए सही मंच मिले, उन्हें अपनी पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ देश और समाज के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए भी खुद को तैयार करना चाहिए’। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी भावना के साथ, दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजप आज पूरे देश में यह ‘तिरंगा यात्रा’ शुरू कर रही है। साथ ही कहा कि राज्य की राजधानी में इस यात्रा में 25,000 से 30,000 युवा हिस्सा ले रहे हैं।

इस दौरान योगी ने सवाल करते हुए कहा कि 1947 के तुरंत बाद जो काम किया जाना चाहिए था, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति जो सम्मान दिखाया जाना चाहिए था, उसे करने में 75 साल क्यों लग गए? उन्होंने कहा कि इसकी वजह यह थी कि कुछ लोगों के लिए सत्ता सबसे ऊपर थी।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी ने कसा प्रदशर्नकारियों पर तंज, कुछ लोग भारतीय परंपराओं के विरोध को ही बना चुके उद्देश्य

तिरंगा यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या और ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ता, स्कूल छात्र, युवा एवं महिलाओं ने भाग लिया। ये तिरंगा पदयात्रा मुख्यमंत्री आवास पांच, कालिदास मार्ग से शुरू हुई। इसके बाद सिविल अस्पताल और अटल चौक होते हुए विधानभवन के सामने पहुंची। दरअसल नौ अगस्त को ही काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस भी है, ऐसे में यात्रा को शहीदों के सम्मान और स्वतंत्रता आंदोलन की स्मृति से जोड़ा गया।

यह भी पढ़ें- CM योगी की कांवड़ियों से अपील, कांवड़ यात्रा में बनाए रखें अनुशासन, हम सब है श्रीराम के वंशज