ANM को नियुक्ति पत्र देकर बोले CM योगी, यूपी से इंसेफ्लाइटिस को दो साल में कर देंगे जड़ से खत्म

स्वास्थ्य विभाग
कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम योगी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को नव चयनित स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) यानी एएनएम को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कुल 7,182 नव चयनित एएनएम को नियुक्ति पत्र बांटे गए। लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में 550 एएनएम को नियुक्ति पत्र दिए गए और बाकी को जिले में नियुक्ति पत्र बांटे गए। इस दौरान सीएम योगी ने कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे हैं बेहतर कार्यों की सराहना की।

सीएम ने कहा कि दो बड़े उदाहरण प्रत्यक्ष रूप से हमारे सामने हैं। पहला इंसेफ्लाइटिस से होने वाली मौतों को नियंत्रित करना। छह वर्ष पहले 15 जुलाई से लेकर 15 नवंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर सहारनपुर तक हर साल 1,5 00 बच्चों की मौत होती थी। अब इस पर हमने बेहतर ढंग से नियंत्रण हासिल कर लिया है। अब मृत्यु लगभग शून्य हो गई है। आगे दो वर्षों में इसका उन्मूलन किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस घातक रोग से हमें मुक्ति मिल जाएगी। वही दूसरा कोरोना महामारी में यूपी में किया गया कार्य पूरी दुनिया के लिए माडल बना।

नव चयनित 7,182 एएनएम को बांटे नियुक्ति पत्र

योगी ने कहा कि 7,182 एएनएम बधाई की पात्र हैं। मामला हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में जाने पर इन लोगों ने सरकार पर पूरा भरोसा किया और कहीं पर भी धरना प्रदर्शन नहीं किया। धैर्य से फैसले का इंतजार किया और आज इन्हें इसका फल मिल गया।

यह भी पढ़ें- सौ बसों को हरी झंडी दिखा बोले CM योगी, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की जरूरत

सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरीके से पारदर्शी बनाया गया है। छह वर्षों में छह लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई। अब तक भर्ती प्रक्रिया में कोई उंगली नहीं उठा सका।

अनैतिक कार्य करने वालों को सख्ती से रोका गया। यही कारण है कि यह गलत लोग हर नियुक्ति में अड़ंगा लगाने की कोशिश करते हैं, मगर मैं युवाओं को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि उनकी पारदर्शी नियुक्ति हर हाल में होती रहेगी। कोर्ट में मामला फंसे होने पर एक बार कार्यक्रम को टाला भी गया। हम नहीं चाहते थे कि नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों को आगे कोई जोखिम उठाना पड़े।

यह भी पढ़ें- अफसरों से बोले सीएम योगी, बाढ़ के समय जन-धन की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता, अलर्ट मोड पर रहें सभी जिले