CM योगी की कांवड़ियों से अपील, “कांवड़ यात्रा में बनाए रखें अनुशासन, हम सब है श्रीराम के वंशज”

कांवड़िया
परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शामली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की अपील की है। साथ ही कहा कि हम सब श्रीराम के वंशज है, छोटी-छोटी बातों को लेकर किसी भी तरह का हुड़दंग नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं सभी कांवड़ संघों से विनम्र अपील करूंगा कि याद रखना, हम सब श्रीराम के वंशज हैं, श्रीकृष्ण के अनुयायी हैं और भोले शंकर के भक्त हैं। हम सब इस बात का ध्यान रखेंगे। राम की मर्यादा, कृष्ण की लीला और शंकर की समरसता व जीवंतता हमेशा हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।’

डबल इंजन की सरकार करती है पुष्‍प वर्षा

आदित्‍यनाथ ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि याद रखना कांवड़ यात्रा के लिए सरकार उनकी सुरक्षा, सुविधा और उनकी भक्ति को साकार करने के लिए हर प्रकार का सहयोग कर रही है। यही डबल इंजन की सरकार है, जो आस्था का सम्मान करती है, पुष्पवर्षा करती है, लेकिन हम लोगों को भी मर्यादा को समझना होगा।’

यह भी पढ़ें- ग्राम प्रधानों की जगह प्रशासक नियुक्ति पर हाईकोर्ट ने मांगा योगी सरकार से जवाब

सीएम का बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। सभा में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘जो लोग आज आस्था की वकालत करते दिख रहे हैं, ये लोग 2017 के पहले ‘जय श्रीराम’ बोलने पर लाठी मारते थे, गोली चलाते थे। कांवड़ यात्रा को प्रतिबंधित करते थे, कृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन को रोकते थे, रामनवमी की शोभायात्रा नहीं निकलने देते थे और धार्मिक स्थलों की संपत्ति पर कब्जा करते थे। आज मैं कह सकता हूं कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों और युवाओं के लिए चौधरी चरण सिंह जी ने जो सपना देखा था, उसे आज डबल इंजन की सरकार साकार कर रही है।’

इस दौरान मुख्यमंत्री ने शामली में 581 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश को कुल 2,452 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें- भाजपा का विरोध करते-करते भारत का करने लगे विरोध, CM योगी का विपक्ष पर हमला