आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र केआगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार जा रही यात्रियों से भरी अनियंत्रित प्राइवेट बस एक्सप्रेसवे के ऊपर से नीचे गिरकर पलट गई। इस भीषण हादसे में तीन यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि लगभग 45 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल यात्रियों का कहना था कि प्राइवेट बस का ड्राइवर शराब पीकर बस चला रहा थ, इसी वजह से हादसा हुआ है।
मिली जानकारी के मुताबिक हादसा लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर घटित हुई। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे, जो मजदूरी व अन्य कार्यों के सिलसिले में भिवाड़ी (राजस्थान) से अपने गृह राज्य बिहार लौट रहे थे। जीरो पॉइंट के पास मोड़ पर बस की रफ्तार तेज होने से अनियंत्रित हो गई और वह एक्सप्रेसवे के ओवरब्रिज से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय निवासियों ने इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी।
सूचना पाकर पारा थाने की पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें दमकल व दर्जनों एंबुलेंस गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस की खिड़कियां और कांच तोड़कर अंदर फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी 45 घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों व ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। इस दौरान यात्रियों ने ड्राइवर पर शराब पीने का आरोप भी लगाया।
वहीं लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी ने घटना के विषय में बताया कि आज सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस पलटने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस और हमारी सभी संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और त्वरित बचाव कार्य शुरू किया गया। यह बस भिवाड़ी से बिहार की तरफ जा रही थी और इसमें लगभग 50 यात्री सवार थे। हादसे में लगभग 45 घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें- उधमपुर में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी ओवरस्पीड प्राइवेट बस, 22 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 40 घायल
इस दौरान कुछ यात्रियों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे के नीचे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पारा थाना पुलिस ने सुचारू करवाया है।




















