ममता बनर्जी के काफिले पर पथराव, पूर्व CM का आरोप, पुलिस के सामने हुआ हमला

ममता बनर्जी
मीडिया से बातचीत करतीं ममता बनर्जी।

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के हलीशहर में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के काफिले को विरोध का सामना करना पड़ा। टीएमसी प्रमुख का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले को रोककर उनकी गाड़ी पर कीचड़, पानी की बोतलें और जूते-चप्पल फेंके। साथ ही ममता बनर्जी ने दावा किया कि पुलिस की मौजूदगी में यह सब हुआ है।

दरअसल ममता बनर्जी एक दिवंगत टीएमसी कार्यकर्ता के परिवार से मिलने जा रही थीं। इसी दौरान हलीशहर में पहले से मौजूद प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले को रोक दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और भीड़ ने उनकी गाड़ी को चारों ओर से घेर लिया। प्रदर्शनकारियों ने ममता बनर्जी के खिलाफ नारेबाजी भी की। जिस दौरान यह हमला हुआ, ममता बनर्जी के साथ पार्टी के अन्य सांसद भी मौजूद थे।

घटना के बाद मीडिया से बातचीत में ममता बनर्जी ने
दावा किया कि असामाजिक तत्वों ने पुलिस के सामने ही मेरी कार पर बड़े-बड़े पत्थर फेंके। गाड़ी पर हमला इतना जबरदस्त था कि अगर खिड़कियां खुली होतीं तो मेरा सिर फट जाता। हम सब मारे जा सकते थे। ये सब पुलिस के सामने हुआ। मैंने ऐसा कुछ कभी नहीं देखा। यह क्या हो रहा है? साथ ही पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि पुलिस भाजपा को सुरक्षा दे रही है। ममता बनर्जी ने इस घटना को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।

यह भी पढ़ें- अब पुलिस की मौजूदगी में TMC सांसद महुआ मोइत्रा पर हुआ अंडे-पत्थर से हमला, BJP कार्यकर्ताओं पर लगा आरोप

गौरतलब है कि ममता बनर्जी, जिस टीएमसी कार्यकर्ता के परिवार से मिलने जा रही थीं, उसकी शुक्रवार को पुलिस कस्टडी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इसी मामले को लेकर इलाके में पहले से तनाव का माहौल था। पूर्व सीएम का काफिला जैसे ही हलीशहर पहुंचा, वहां मौजूद लोगों ने वाहनों को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने ममता बनर्जी की गाड़ी पर कीचड़, पानी की बोतलें और जूते-चप्पल फेंके। ममता बनर्जी का आरोप है कि इसी दौरान पत्थर और ईंटें भी फेंकी गईं।

यह भी पढ़ें- हुगली में TMC सदस्य के पति की हुई निर्मम हत्या, परिजनों ने भाजपा पर लगाया आरोप