US में एयर ट्रैफिक की तकनीकी खराबी के बीच एयर इंडिया ने भी जारी की एडवाइजरी

एयर इंडिया
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। अमेरिका में एयर ट्रैफिक संचालन से जुड़ी टेलिकम्यूनिकेशन सर्विस टेक्निकल ग्लिच  के कारण एयर सर्विस पर लगी रोक अब हट गई है। हालांकि इस सर्विस के बुरी तरह प्रभावित होने से यात्रियों को परेशान होना पड़ा। अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) की ओर से लागू देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप के चलते विमानों की रवानगी पर अस्थायी रोक लगा दी गई थी। इस बीच एयर कनाडा ने अमेरिका की अपनी सभी उड़ानें रद्द करने का ऐलान किया था। इस बीच एयर इंडिया ने भी यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।

एयर कनाडा ने बताया कि एफएए की ओर से जारी ग्राउंड स्टॉप के कारण एयरलाइन ने शाम के बाकी समय के लिए अमेरिका से आने और वहां जाने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। हालांकि एयरलाइन ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस फैसले से कुल कितनी उड़ानें प्रभावित हुई हैं।

एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी ट्रैवल एडवाइजरी में बताया कि अमेरिका में संचार सेवाओं में व्यवधान के कारण देशभर के हवाई अड्डों से फ्लाइट्स का संचालन प्रभावित हो रहा है। इसका असर भारत और अमेरिका के बीच संचालित एयर इंडिया की फ्लाइट्स पर भी पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें- दिल्‍ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट की फ्लाइट को मिला हाईजैक अलर्ट, रास्‍ते में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें और उसी के मुताबिक यात्रा की योजना बनाएं। एयर इंडिया ने कहा कि उसकी टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और नई जानकारी उपलब्ध होते ही यात्रियों को अपडेट दिया जाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अमेरिका में संचार व्यवस्था कब तक सामान्य होगी और हवाई सेवाओं का नियमित संचालन कब बहाल हो सकेगा।

यह भी पढ़ें- 164 यात्रियों को पटना ले जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट से टकराया पक्षी, मचा हड़कंप