आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भीषण गर्मी और उमस के बीच उत्तर प्रदेश में मॉनसून की सक्रियता बढ़ गई है। रविवार को लखनऊ में हुई तेज बारिश ने भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। इस बीच मौसम विभाग ने छह जुलाई के लिए राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान की लेटेस्ट रिपोर्ट के अनुसार लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में व्यापक बारिश की संभावना कम है। केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं मध्य प्रदेश से लगे दक्षिणी यूपी, विंध्य और बुंदेलखंड के क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार छह जुलाई को उत्तर प्रदेश के कई जिलों बारिश के साथ-साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना काफी अधिक है। इनमें लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गौतम बुद्ध नगर, गाजीबाद, हापुड़, बुलंदशहर, मेरठ, बागपत, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, बरेली और पीलीभीत जैसे जिले शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में प्री-मानसून की शुरुआत, मौसम विभाग ने 54 जिलों में जारी किया बारिश का अलर्ट
वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान प्रयागराज में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद बांदा और बस्ती में 40.0 डिग्री तथा बलिया में 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान नजीबाबाद में 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और भारी वर्षा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।




















