लखनऊ के नौ बड़े अस्पतालों की फार्मेसियों के लाइसेंस FSDA ने किया सस्पेंड

एफएसडीए

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मरीजों को दवाओं की कीमतों में पारदर्शिता देने के लिए जारी आदेश का पालन नहीं करने पर लखनऊ के नौ बड़े अस्पतालों की फार्मेसियों के लाइसेंस एफएसडीए ने निलंबित कर दिए हैं। इनमे जावित्री हॉस्पिटल, टेंडर पाम, शांति राज मेडिकल्स, ग्लोब मेडिकेयर और शेखर हॉस्पिटल समेत नौ अस्पतालों की फार्मेसियां आई हैं। इन फार्मेसियों पर दवाओं के खरीद और बिक्री मूल्य सार्वजनिक नहीं करने का आरोप है।

एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने एक अक्टूबर को सभी हॉस्पिटल फार्मेसियों को दवाओं की कीमतें सार्वजनिक करने का आदेश दिया था। इसके तहत फार्मेसी को दवाओं और मेडिकल डिवाइस की मूल्य सूची वेबसाइट पर अपलोड करनी थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। जिसके बाद एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के आदेश पर इन अस्पतालों पर एक्शन हुआ है।

यह भी पढ़ें- गांधी प्रतिमा के पास बॉन्डेड डॉक्टरों ने किया प्रदर्शन, पुलिस बस के आगे लेटीं प्रदर्शनकारी

दवाओं की कीमतें सार्वजनिक करने के साथ ही क्यूआर कोड के जरिए भी मरीजों को यह जानकारी उपलब्ध करानी थी। औषधि निरीक्षकों की जांच में लखनऊ की कई फार्मेसियों में आदेश का पालन नहीं मिला। नोटिस और जवाब मांगने की प्रक्रिया के बाद लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

वेबसाइट पर देनी होगी जानकारी

आदेश के मुताबिक, अस्पताल की फार्मेसी को वेबसाइट पर अपना नाम, लाइसेंस नंबर, लाइसेंस धारक का नाम और पता देना होगा। इसके अलावा फार्मासिस्ट का नाम, फोटो और रजिस्ट्रेशन नंबर भी प्रदर्शित करना होगा। साथ ही दवाओं के स्टॉक का साप्ताहिक विवरण भी अपडेट करना होगा। वेबसाइट का लिंक फार्मेसी काउंटर पर दिखाना अनिवार्य है।

68 जिलों में 495 फार्मेसियों की जांच

एफएसडीए का प्रदेशव्यापी अभियान चार दिसंबर तक चलेगा। अब तक 68 जिलों की 495 हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण किया जा चुका है। जिन फार्मेसियों में नियमों का पालन नहीं मिला, उन्हें सात दिन में जरूरी दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर बिक्री पर रोक लगाने की कार्रवाई भी हो सकती है।

मरीजों को मिलेगा तुलना का मौका

दवाओं के प्राइस टू रिटेलर और प्राइस टू कंज्यूमर की जानकारी मिलने से मरीज और उनके परिजन खरीद और बिक्री मूल्य का अंतर समझ सकेंगे। खासकर अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों को इसका फायदा होगा, जिन्हें अक्सर अस्पताल परिसर की फार्मेसी से ही दवाएं खरीदनी पड़ती हैं।

यह भी पढ़ें- मरीज के पर्चे पर हिंदी में लिखें जांच व दवाओं का नाम, ब्रजेश पाठक की डाक्टरों से अपील