पर्चे पर हिंदी में भी दवाओं का नाम लिखें, “ब्रजेश पाठक की डाक्टरों से अपील”

ब्रजेश पाठक

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के डिप्टी सीएम और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने डॉक्टरों से दवाइयां और जांच हिंदी में लिखने की अपील की है। इसके लिए डॉक्टरों को दो पेज का हाथ से हिंदी में लिखा हुआ पत्र जारी किया है। इस अपील के पीछे के कारणों को बताते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि अगर आप अपनी मातृभाषा भोजपुरी, अवधि में संवाद भी करेंगे तो मरीजों को ज्यादा फायदा होगा।

इस पत्र को अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्टकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के चिकित्सकों से आग्रह किया है कि वे मरीजों के परामर्श-पर्चे पर दवाओं के नाम हिंदी अथवा देवनागरी लिपि में भी लिखें, ताकि मरीज आसानी से समझ सकें कि उन्हें कौन-सी दवा दी गई है। अपने पत्र के माध्यम से उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा और उनके विश्वास को ध्यान में रखते हुए हिंदी में लिखी दवाओं को प्राथमिकता दी जाए।

साथ ही ब्रजेश पाठक ने कहा कि लोकतंत्र लोकभाषा और जनभाषा के माध्यम से ही अधिक मजबूत होता है। डाॅक्टर  यदि मरीजों से उनकी मातृभाषा अथवा स्थानीय भाषा जैसे भोजपुरी, अवधी, ब्रजभाषा आदि में संवाद करेंगे, तो मरीज अपनी समस्या और चिकित्सकीय सलाह को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। इससे चिकित्सक और मरीज के बीच विश्वास भी और मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर भारतीय भाषाओं, विशेषकर हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लिया जा सकता है। उन्होंने राष्ट्रनायकों और महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेते हुए जनसामान्य से जुड़ी व्यवस्थाओं में देशज भाषाओं के प्रयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें- मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आशा वर्कर्स ने घेरा ब्रजेश पाठक का आवास, कहा सरकार की कथनी-करनी में है फर्क

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी विदेशों में भारतीय भाषाओं, विशेषकर हिंदी के माध्यम से संवाद कर देश की भाषाई पहचान को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने चिकित्सकों से आह्वान किया कि वे मरीजों की सुविधा के लिए चिकित्सा संवाद को अधिक से अधिक सरल और स्थानीय भाषा में बनाएं। वहीं राष्ट्रनायकों की अभिलाषा, चले देश में देशज भाषा के भाव के साथ उप मुख्यमंत्री पाठक ने चिकित्सकों से इस पहल को जनसेवा का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें- लाइब्रेरियन भर्ती नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने घेरा ब्रजेश पाठक का आवास, डिप्‍टी सीएम ने दिया आश्‍वासन