CEC के खिलाफ प्रदर्शन पर बोले डिप्टी सीएम, कांग्रेस नेता पूरी तरह से खो चुके हैं आपा

ब्रजेश पाठक

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रही कांग्रेस पर बुधवार को यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने निशाना साधा है। डिप्टी सीएम कांग्रेस नेताओं पर संवैधानिक संस्थाओं को लेकर लगातार सवाल उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस नेता अपना आपा खो चुके हैं और सत्ता हासिल करने की चाह में उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस के नेता चुनाव आयोग समेत संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार आरोप लगाते हैं। मगर जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो उसे चुनाव आयोग सही लगता है, लेकिन चुनाव हारने के बाद वही आयोग गलत नजर आने लगता है। उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस के रुख को लेकर कहा कि पार्टी केवल अपनी हार की वजहों से ध्यान हटाने के लिए “फेस सेविंग” कर रही है।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं पर हमला बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि सत्ता की भूख के कारण उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। साथ ही आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाकर अपनी राजनीति कर रही है।

यह भी पढ़ें- मरीज के पर्चे पर हिंदी में लिखें जांच व दवाओं का नाम, ब्रजेश पाठक की डाक्टरों से अपील

वहीं आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उपमुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने CEC ज्ञानेश कुमार के निलंबन की याचिका खारिज कर कहा ‘संवैधानिक संस्थाएं निभाएंगी जिम्मेदारी’