मिशन 2024 लोकसभा चुनाव फतह के लिए भाजपा सांसदों को दी गई हारे बूथों को जिताने की जिम्मेदारी

भाजपा

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां अभी से तेज कर दी है। इसको लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में सांसदों को संगठन निर्माण खासकर बूथ मजबूत करने का टास्क दिया गया। 2019 या उससे पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को जिन बूथों पर अच्छे वोट नहीं मिले। उन बूथों को जिताने की जिम्मेदारी पार्टी सांसदों को बैठक में दी गई।

बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने पार्टी सांसदों को संगठन निर्माण और बूथ सशक्तिकरण अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बूथ में और अधिक कार्यकर्ताओं को जोड़ने और हर घर से संपर्क करने का आह्वान किया गया। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडेय, बीएल वर्मा कौशल किशोर सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- केशव मौर्या सहित भाजपा के नौ व सपा के चार MLC प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित

भाजपा सांसदों की इस बैठक में तय किया गया है कि पार्टी के 63 लोकसभा सांसद अपने-अपने क्षेत्रों में बूथों पर निगरानी करेंगे। जहां पर भाजपा के सांसद नहीं हैं, वहां की जिम्मेदारी राज्य सभा सांसदों को दी गई है। इसी तरह जहां भाजपा के विधायक नहीं हैं, वहां की जिम्मेदारी विधान परिषद सदस्यों को दी गई है। एक सांसद को 100 बूथ और एक विधायक को 25-25 बूथ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह सभी सांसद विधायक मिलकर हारे हुए बूथ को मजबूत करके 2024 में बीजेपी को जिताने के लिए काम करेंगे।

यह भी पढ़ें- 2024 में यूपी से 75 सीटें जीतने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेगी भाजपा: CM योगी