2024 में यूपी से 75 सीटें जीतने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेगी भाजपा: CM योगी

75 सीटें जीतने का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। पिछली सरकारों में प्रदेश की छवि खराब हुई थी। पांच में से दो साल कोरोना प्रबंधन में बीत गए थे। जब दोबारा हमारी सरकार बनी, तब जनता ने बताया कि हमारी क्या छवि है। केंद्र की योजनाओं में उत्तर प्रदेश पीछे था। मगर अब चार दर्जन योजनाओं में यूपी अग्रणी है। स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्य को पाने के लिए यूपी अहम था। उक्त बातें सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन के कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए अपने संबोधन में कही।

योगी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के संकल्प को लेकर आगे बढ़ना होगा। आज पीएम मोदी के विजन को साकार करना है। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा की 2024 के संकल्प को लेकर आगे बढ़ना होगा और उसके लिए अभी से रोड मैप तैयार करने की जरूरत है। भाजपा 2024 में 75 सीटों को जीतने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेगी।

वहीं कार्यसमिति की बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर हमला बोला और सरकार की उपलब्धियां गिनाई। योगी ने कहा की विपक्ष के मंसूबों को दरकिनार करते हुए जनता ने 37 साल बाद लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत दिया है। यह भाजपा के कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का ही परिणाम है। पहले दंगाइयों का राज था, लेकिन फिर भी हम उत्तर प्रदेश की जनता का विश्वास जीतने में सफल रहे थे।

योगी ने कहा कि यूपी में 37 साल बाद भाजपा की लगातार सरकार बनी है। ये पांच साल के अथक परिश्रम का परिणाम है। आज यूपी पूरे देश में अपनी एक नई पहचान के साथ खड़ा है। पांच साल पहले विरोधियों की ओर से बहुत दुष्प्रचार किया गया। पहले की सरकारों में जनता के कल्याण की रुचि नहीं थी। पीएम मोदी के विकास कार्यों की सराहना करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यूपी में दो करोड़ 61 लाख शौचालय निर्माण का काम किया गया, लेकिन विरोधियों को यह सब पच नहीं रहा है। इंसेफेलाइटिस से पहले बड़ी संख्या में मौतें होती हैं, लेकिन सरकार के प्रयासों की वजह से और पीएम मोदी के विजन के बल पर 95 फीसदी मौतों को रोकने का काम किया है। पीएम आवास योजना, पीएम स्टैंड अप की योजना को लेकर अच्छा काम हुआ है। विपक्ष के दुष्प्रचार को दरकिनार करते हुए यूपी की जनता ने दो तिहाई बहुमत देकर विपक्ष के मंसूबों को असफल कर दिया।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार का फैसला: सरकारी या प्राइवेट कंपनी बिना अनुमति नहीं करवा सकती महिला से नाइट शिफ्ट

सीएम ने कहा की 2022 के जनादेश में एक संदेश छिपा है। सरकार ने जनता के लिए काम किया, जिसका फल जनता ने बहुमत के तौर पर दिया। महिलाएं बीजेपी को वोट देने में सबसे आगे रहीं। आज बीजेपी को विधान परिषद में पूर्ण बहुमत प्राप्त हो गया है। भाजपा बजट में भी लोक कल्याण संकल्प पत्र पर आगे बढ़ रही है।

यह भी पढ़ें- विधानसभा सदस्यों को CM योगी की नसीहत, नकारात्मकता जन प्रतिनिधि को कभी नहीं बढ़ाती आगे