केरल में तीन दिन पहले मानसून ने दी दस्तक, लू से मिलेगी राहत, अन्‍य राज्यों में बारिश का अनुमान

केरल में माॅनसून
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग की तरफ से राहत की खबर आई है। विभाग की सटीक भविष्यवाणी के अनुसार इस साल मॉनसून ने तीन दिन पहले ही दस्तक दे दी है। मॉनसून आज 29 मई को केरल में दाखिल हो चुका है। विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में मनसून केरल के बाकी इलाकों के साथ-साथ कर्नाटक और महाराष्ट्र की ओर भी बढ़ेगा।

मौसम विभाग ने भविष्यवाणी में बताया कि दक्षिण पश्चिमी मनसून आज केरल पहुंच गया है। मानसून ने तय समय से तीन दिन पहले दस्तक दी है। इससे पहले मॉनसून के पहुंचने की तरीख एक जून बताई गई थी। इससे पहले 16 मई को अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह पहुंच गया था। चक्रवात के शेष प्रभाव के चलते इसके आगे बढ़ने के आसार थे। हीटवेव को लेकर भी मौसम विभाग ने बड़ी राहत दी है। विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों तक हीटवेव चलने के आसार नहीं है।

मॉनसून की दस्तक के साथ मौसम विभाग ने बारिश को लेकर भी भविष्यवाणी जारी कर दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, 29 मई से 1 जून के दौरान केरल में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं लक्षद्वीप में 30 मई को भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने कहा है कि केरल में मौसम ऐसा ही रहने वाला है।

यह भी पढ़ें- उत्‍तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में IMD ने जारी की भीषण लू की चेतावनी, पारा 45 के पार

मौसम वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने मीडिया को बताया कि मानसून के मध्य अरब सागर के अधिकांश क्षेत्र को कवर करने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। साथ ही बताया कि मानूसन की शुरुआत की सभी शर्तें पूरी होती हैं। यह दक्षिण अरब सागर, लक्ष्यद्वीप और केरल के अधिकांश हिस्सो में आगे बढ़ेगा। इसके अलावा कर्नाटक, तमिलनाडु, बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों के अधिक से अधिक हिस्सों को भी कवर करेगा। बदल रहे मौसम के कारण दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी भारत व मध्य भाग में अगले पांच दिन तक लू से राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें- देश के कई हिस्‍सों में चलेगी भीषण लू, IMD ने जारी की चेतावनी