देश के कई हिस्‍सों में चलेगी भीषण लू, IMD ने जारी की चेतावनी

लू की चेतावनी
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। देश की राजधानी दिल्ली व यूपी की राजधानी लखनऊ में शनिवार को गर्म हवाओं के साथ तेज धूप रही। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद  दिल्ली का तापमान एक बार फिर बढ़ गया है। यूपी समेत देश के कई राज्यों में आसमान से बरसती आग से आम जन-जीवन काफी प्रभावित रहा।

वहीं आज भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने देश के कई राज्यों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार सात से 11 मई के दौरान विदर्भ में और 08-11 मई के दौरान पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग क्षेत्रों में हीट वेव की स्थिति रहेगी। 09 से 111 मई के दौरान दक्षिण हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में गर्म हवाएं चलेंगी। 08 और 09 मई को पश्चिम मध्य प्रदेश और 10 और 11 मई को दक्षिण पंजाब और जम्मू डिवीजन में भीषण लू चलने के आसार हैं।

इसके अलावा तटीय क्षेत्रों में मौसम विभाग की तरफ से कहा गया है कि दक्षिण अंडमान सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो गया है। वर्तमान कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होकर दक्षिण पूर्व बंगोपसागर में सक्रिय है। अगले कुछ घंटों में यह अधिक सक्रिय होकर गहरे दबाव में तब्दील हो जाएगा। आठ मई शाम तक यह गहरा दबाव अधिक सक्रिय होकर पूर्व केंद्रीय बंगोपसागर चक्रवात में तब्दील हो जाएगा।